छत्तीसगढ़

सुकमा में गूंजेगी लोक कला की धुन

सुकमा, 12 नवम्बर 2025/sns/-छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति को समर्पित, सुकमा जिले में भव्य “जिला स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव 2025-26“ का आयोजन होने जा रहा है। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन और जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में यह आयोजन 15 नवंबर 2025 को सुकमा में किया जाएगा।
इस महोत्सव का उद्देश्य जिले की पारंपरिक लोक कलाओं और नर्तक दलों को एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान करना है। प्रशासन ने सभी इच्छुक नर्तक दलों से अपील की है कि वे इस महोत्सव में भाग लेने के लिए तत्काल अपने नजदीकी जनपद पंचायत कार्यालय में अपना पंजीयन कराएँ।
विजेता को मिलेगा राज्य स्तर पर मंच
यह जिला स्तरीय महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाने का प्रवेश द्वार है। 15 नवंबर को सुकमा में होने वाले इस आयोजन में जो नर्तक दल विजेता घोषित होगा, वह सुकमा जिले का प्रतिनिधित्व करेगा।
यह विजेता दल 18 नवंबर 2025 को जिला अम्बिकापुर (सरगुजा) में आयोजित होने वाले भव्य “राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस“ समारोह में अपनी कला का प्रदर्शन करेगा। यह आयोजन लोक कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा को प्रदेश भर में पहुंचाने का एक सुनहरा अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *