छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया उत्सव


रायपुर, 08 नवम्बर 2025/sns/- भारत की आत्मा और एकता के प्रतीक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज जिले में उत्सवपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलास्तरीय मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट के रेडक्रॉस सभाकक्ष में गरिमामय रूप से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री खुशवंत साहेब, विधायक श्री अनुज शर्मा, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह तथा अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन सहित जिले के अधिकारी, कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सभी ने एक स्वर में भावपूर्ण तरीके से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। पूरा सभाकक्ष देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों को नमन करते हुए सभी ने उनके अदम्य साहस और योगदान को याद किया। जिले के शासकीय स्कूलों एवं कार्यालयों में राष्ट्रीय गान वंदे मातरम् का गायन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का यह अवसर हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति की भावना को और प्रखर करने वाला तथा देश की सांस्कृतिक एकता और गौरव का प्रतीक बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *