सुकमा, 07 नवम्बर 2025/sns/- जिला मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ बड़े उत्साह और गर्व के साथ मनाई गई। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगम्मा सोयम, उपाध्यक्ष श्री महेश कुंजाम, जिला पंचायत सदस्यगण, अधिकारी-कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गायन किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगम्मा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्ति की सबसे प्रबल प्रेरणा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अमर बलिदानियों को याद करते हुए राष्ट्रीय चेतना का स्मरण किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ अमर बलिदानियों को नमन किया। इसी अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में भी सामूहिक राष्ट्रीय गीत गायन किया गया।
जिला पंचायत सभाकक्ष से अधिकारी और जनप्रतिनिधि नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्मरणोत्सव से वर्चुअल रूप से जुड़े और प्रधानमंत्री का प्रेरणादायक उद्बोधन सुना। कार्यक्रम का समापन जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के उद्बोधन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने राष्ट्रगौरव और एकता के इस प्रतीक गीत से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।


