मुंगेली, 03 नवंबर 2025/sns/- निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत 04 दिसम्बर तक सत्यापन एवं घर-घर गणना कार्य किया जा रहा है। इस पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है, इसके अंतर्गत योग्य मतदाताओं का नाम न छूटे तथा अयोग्य व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में न जुड़े। इस संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में वर्चुअल माध्यम से बैठक ली।
कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि इस प्रक्रिया से मतदाताओं को घबराने की आवश्यता नहीं हैं। उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ जब घर आएं, तो मतदाता गणना प्रपत्र को भरकर दें। उन्होंने बीएलओ, पर्यवेक्षकों व ईआरओ को एसआईआर की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझने और आपसी समन्वय के साथ शुद्धता से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और गणना प्रपत्र बाटेंगे। मतदाता इस प्रपत्र को बीएलओ की सहायता से भरेंगे और उसकी 01 कापी व अन्य आवश्यक दस्तावेज बीएलओ देंगे। गणना प्रपत्र के माध्यम से बैध मतदाताओं की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। संबंधित मतदान केन्द्र के बीएलओ एप के माध्यम से गणना प्रपत्र को अपलोड करेंगे। इस प्रक्रिया से किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं हटेगा। साथ ही नए मतदाता या अन्यत्र विस्थापित मतदाता का नाम संबंधित मतदान केन्द्र की सूची में जोड़ा जा सकेगा। ऐसे मतदाता जो 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले हैं, उनका भी नाम जोड़ने के लिए अग्रिम आवेदन प्राप्त किया जा सकेगा।


