छत्तीसगढ़

विकास की तेज रफ़्तार से आने वाले समय में जिले की तस्वीर बदलेगी -प्रभारी मंत्री श्री जाय सवाल

बलौदाबाजार, 03 नवम्बर 2025/sns/- जिले क़े प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रविवार को ग्राम खटियापाटी में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में 2 करोड़ 67 लाख 91 हजार रुपये की लागत से निर्मित वृहद पुल का लोकार्पण एवं 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बाउंड्रीवाल का भूमिपूजन किया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत विकासखण्ड बलौदाबाजार क़े बिटकुली-खटियापाटी-सुढेला-जुड़ा मार्ग के आरडी-2600 मी.पर मल्लीन नाला में निर्मित 75 मीटर लंबी वृहद पुल क़े बन जाने से खटियापाटी, सुढ़ेला, पैजनी, जुड़ा, बरदा एवं चिचिरदा क़े ग्रामीणों को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि 25 साल का नया छत्तीसगढ़ अपने नये आयाम को साबित कर रहा है। देश क़े प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय क़े नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास क़े पथ पर अग्रसर हैं। हर तरफ विकास की गंगा बह रही हैं।उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार- भाटापारा जिला अनेक विभूतियो, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का धरोहर है वहीं खनिज सम्पदा से भरपूर है। औद्योगिक हब क़े रूप में विकसित हो रहा है। विकास कार्यों से आने वाले समय में जिले की तस्वीर बदलेगी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी ने छत्तीसगढ़ का निर्माण कर हमारे जीवन में परिवर्तन लाया है। उन्होंने गांवो में शासकीय भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जाहिर करते हुए स्कूल, श्मशान घाट एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों को संरक्षित करने क़े लिये बाउंड्रीवाल बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम को पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ सनम जांगड़े ने भी सम्बोधित किया।

करोडो क़े विकास कार्यों की मिली सौगात- इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर लगभग एक करोड़ 62 लाख रुपये क़े विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने ग्राम खटियापाटी में तालाब सौन्दर्यीकरण हेतु 30 लाख, खटियापाटी में हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन की स्वीकृति, श्मशान घाट में बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 20 लाख, गोधाम सौन्दर्यीकरण हेतु 10 लाख, हायर सेकेण्डरी स्कूल बिटकुली में बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 20 लाख,ग्राम पंचायत शुक्लाभाठा में सीसी रोड निर्माण हेतु 20 लाख, ग्राम पंचायत पनगांव, गिंदोला, सुढेला, जुडा में सीसी रोड निर्माण हेतु 10 -10 लाख,ग्राम पंचायत कोयदा, अहिल्दा, करदा में सांस्कृतिक भवन हेतु 2.5 -2.5 लाख, यादव समाज, साहु समाज एवं जनजाति समाज क़े सामजिक भवन हेतु 5-5 लाख देने की घोषणा की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर दीपक सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहु, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव,जिला पंचायत सदस्य सुश्री इंदु जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *