छत्तीसगढ़

दुर्गम क्षेत्रों से आए युवाओं ने सुकमा में लिया आधार ऑपरेटर बनने का प्रशिक्षण

सुकमा, 30 अक्टूबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में इनहाउस मॉडल के तहत आधार पंजीयन एवं अद्यतन कार्यों में तेजी तथा नागरिकों को स्थानीय स्तर पर त्वरित सेवाएँ उपलब्ध कराने आधार ऑपरेटरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी उद्देश्य से गुरुवार को लाइवलीहुड कॉलेज सुकमा में आधार संबंधी विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के तीनों विकासखंड – कोंटा, सुकमा एवं छिन्दगढ़ से चयनित अभ्यर्थी उपस्थित हुए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधार नामांकन, अद्यतन प्रक्रिया, उपकरण संचालन, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, एवं डेटा सुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से कोंटा विकासखंड के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों जैसे – पोटकपल्ली, किस्टाराम, पेंटापाड, केरलापेंदा एवं कोर्रापाड से भी अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशासन का उद्देश्य है कि दूरस्थ एवं संवेदनशील ग्रामों में भी आधार सेवाएँ सुलभ कराई जा सकें ताकि प्रत्येक नागरिक को शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद सभी अभ्यर्थी 07 नवम्बर 2025 को दंतेवाड़ा जिले में आयोजित आधार परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को प्रमाणित आधार ऑपरेटर के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *