छत्तीसगढ़

बीजापुर में उज्जवला योजना का नया चरण शुरू — 16,388 महिलाओं को मिलेगा निशुल्क गैस कनेक्शन

बीजापुर, 25 अक्टूबर 2025/sns/- प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत जिले की बीपीएल महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन, डबल बर्नर गैस स्टोव और प्रथम रिफिल सिलेंडर निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन बीजापुर ने सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।

जिला बीजापुर के लिए इस योजना के अंतर्गत कुल 16,388 नए उज्जवला कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विशेष रूप से नियद नेल्लानार क्षेत्र के चिन्हांकित ग्रामों के हितग्राहियों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि इन क्षेत्रों के पात्र परिवारों को शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

24 अक्टूबर 2025 से जिले में विशेष उज्जवला शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहाँ पात्र महिलाओं से आवेदन पत्र (प्रपत्र-II) प्राप्त किए जाएंगे और वहीं पर ई-केवाईसी प्रक्रिया भी पूर्ण की जाएगी। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि अगले 7 दिवसों के भीतर निर्धारित की गई है।

जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला उज्जवला समिति का गठन किया गया है, जो योजना के सुचारू क्रियान्वयन, आवेदन पत्रों के परीक्षण, सत्यापन और समयबद्ध वितरण की मॉनिटरिंग करेगी। प्राप्त आवेदनों में से कम से कम 5 प्रतिशत आवेदनों का सत्यापन जिला समिति द्वारा किया जाएगा।

योजना के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक ही आवेदक के आवेदन दो अलग-अलग गैस एजेंसियों में जमा न हों, ताकि पात्र लाभार्थी किसी भी प्रकार से योजना के लाभ से वंचित न रहें।

एजेंसी संचालकों, पंचायत सचिवों और उचित मूल्य दुकान संचालकों को आवेदन प्राप्त करने, केवाईसी कराने और पात्र हितग्राहियों को शिविर स्थल तक लाने-ले जाने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्रों में धुआँ-मुक्त रसोई सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन ने बताया कि पात्र हितग्राहियों को ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष वितरण शिविरों में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में गैस कनेक्शन वितरित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *