छत्तीसगढ़

सूरज की किरणों से बदली सोनमुड़ा के श्री राम रतन मिश्रा की जिंदगी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से मिली राहत आत्मनिर्भर बने श्री मिश्रा


रायगढ़, 30 सितम्बर 2025/sns/- रायगढ़ के सोनमुड़ा निवासी श्री राम रतन मिश्रा अब ऊर्जा आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुके हैं। सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ने उनके जीवन में न केवल आर्थिक राहत दी, बल्कि उन्हें हरित ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर भी किया है। कुछ वर्ष पहले तक श्री मिश्रा को हर महीने आने वाले 3,000 रुपए तक के भारी-भरकम बिजली बिल से जूझना पड़ता था। एक मध्यमवर्गीय परिवार के लिए यह खर्च किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। विशेषकर गर्मी के दिनों में पंखे, कूलर और अन्य उपकरणों के बढ़ते उपयोग से बिजली की खपत और खर्च दोनों में इजाफा होता चला गया।
परिवर्तन की शुरुआत तब हुई जब उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन और सरकारी सब्सिडी की सहायता से उन्होंने अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने का निर्णय लिया। जल्द ही उनके घर की छत पर सूरज की रोशनी से बिजली बनाने वाले सोलर पैनल स्थापित हो गए। अब श्री मिश्रा का घर पूरी तरह से सौर ऊर्जा से संचालित हो रहा है। पहले जहां हर महीने हजारों रुपए का बिजली बिल आता था, वहीं अब उनका बिल लगभग शून्य हो चुका है। श्री राम रतन मिश्रा उत्साहपूर्वक बताते हैं कि सौर ऊर्जा अपनाने के बाद उनके घर का बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो गया हैं। अब वे वास्तव में आत्मनिर्भर महसूस करते हैं। सूरज की रोशनी अब केवल उनके घर को ही नहीं, बल्कि उनके जीवन को भी नई दिशा दे रही है। आज उनके घर की संपूर्ण बिजली आवश्यकता सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है। वे मानते हैं कि सौर ऊर्जा में निवेश केवल आर्थिक बचत का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ और सतत पर्यावरण की दिशा में उठाया गया एक सार्थक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *