अम्बिकापुर, 30 सितम्बर 2025/sns/- कलेक्टर श्री विलास भोसकर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री भोसकर ने एग्रीटेक एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, आगामी 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभाओं में सभी एजेंडा बिंदुओं का विधिवत वाचन करने के लिए कहा।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों जैसे बहुउद्देशीय केंद्र, वनधन विकास केंद्र, पीएम आवास, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास एवं विद्युतीकरण कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को निर्देशित किया।
इसके अतिरिक्त, जन शिकायतों, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं कलेक्टर जनदर्शन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं जन्म प्रमाण पत्र के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों की विधिवत जांच कर समयसीमा में प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इस बैठक में डीएफओ श्री अभिषेक जोगावत, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, श्री राम सिंह ठाकुर, श्री अमृत लाल ध्रुव, सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


