छत्तीसगढ़

महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आयोजित किए गए विविध स्वास्थ्य शिविर


अम्बिकापुर, 29 सितम्बर 2025/sns/-
 कलेक्टर श्री विलास भोसकर के निर्देशन में सरगुजा जिले में “स्वस्थ नारी दृ सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त विकासखंडों एवं मेडिकल कॉलेज में स्वस्थ माँ शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं।

मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालय में आयोजित शिविर में योग अभ्यास, स्वास्थ्य जांच, एवं पोषण संबंधी परामर्श प्रदान किए गए। वहीं, वृद्धाश्रम में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत की उपस्थिति में वृद्धजनों के लिए भी निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर जांच एवं उपचार किया गया। महिला गृहबंदी में कुल 70 महिलाओं की मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सिकल सेल, मानसिक स्वास्थ्य एवं अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व से अवगत कराना है। शिविरों में विशेष रूप से कैंसर, एनीमिया, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, टीबी आदि की गहन जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

मातृत्व स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. रोजलीन आर. एक्का ने बताया कि यह पहल मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिविरों में महिलाओं को परिवार नियोजन के आधुनिक साधनों जैसे कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, कंडोम आदि के उपयोग की जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा, “जब नारी स्वस्थ होगी, तभी परिवार और समाज सशक्त होगा। एक स्वस्थ महिला ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला रखती है।“ महिलाओं को बताया गया कि एनीमिया एक प्रमुख समस्या है, विशेष रूप से गर्भावस्था और किशोरावस्था में। इससे बचाव के लिए गुड़, चना, खजूर, हरी पत्तेदार सब्ज़ियां, दूध, दाल आदि का सेवन जरूरी है।

डीपीएम डॉ. पुष्पेन्द्र राम ने माताओं को जंक फूड से परहेज की सलाह दी और बताया कि अस्वास्थ्यकर खानपान से अनेक बीमारियों का खतरा बढ़ता है। गर्भावस्था के दौरान नियमित एंटीनेटल चेकअप, टीकाकरण, और स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

शिविरों में महिलाओं को माहवारी स्वच्छता के बारे में भी जागरूक किया गया और सही उत्पादों के उपयोग की जानकारी दी गई।

यह अभियान आने वाले दिनों में भी जिलेभर में जारी रहेगा, ताकि हर महिला को उसके स्वास्थ्य के प्रति सजग और जागरूक बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *