मुंगेली, 20 सितम्बर 2025/sns/- शासन द्वारा गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाते हुए उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना का शुभारंभ 01 जनवरी 2017 को किया गया था। इस योजनांतर्गत पंजीकृत महिलाओं को प्रथम किस्त में 03 हजार रूपए तथा द्वितीय किस्त में 02 हजार रूपए की राशि प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त द्वितीय संतान कन्या होने पर 06 हजार रूपए की राशि सीधे बैंक खाते में जमा की जाती है।
महिला बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजुला शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना से जिले के 14 हजार से अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है। इनमें प्रथम संतान हेतु 10 हजार 32 हितग्राही तथा द्वितीय संतान कन्या हेतु 03 हजार 996 हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह योजना माताओं और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

