छत्तीसगढ़

राशनकार्ड केवाईसी की अंतिम तिथि 30 सितम्बर तक

मुंगेली, 19 सितम्बर 2025/sns/- ‘एक राष्ट्र एक राशनकार्ड’ योजना के तहत जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पंजीकृत समस्त राशनकार्डधारियों के लिए 30 सितम्बर तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 02 लाख 54 हजार 259 राशनकार्डों में कुल 08 लाख 38 हजार 112 सदस्य पंजीकृत हैं, इनमें से अब तक 06 लाख 95 हजार 581 सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है। शेष 01 लाख 42 हजार 531 सदस्यों का ई-केवाईसी किया जाना है। 05 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को ई-केवाईसी से छूट दी गई है। ई-केवाईसी की सुविधा समस्त उचित मूल्य दुकानों में संचालित ई-पॉस मशीनों में उपलब्ध है। साथ ही, भारत सरकार द्वारा जारी मेरा ई-केवाईसी मोबाइल एप के माध्यम से भी उपभोक्ता स्वयं ई-केवाईसी कर सकते हैं।

संदिग्ध राशनकार्डों का सत्यापन 21 सितम्बर तक

जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में संदिग्ध राशनकार्डों की संख्या 89 हजार 235 है, इनमें 08 हजार 424 का सत्यापन किया जा चुका है, शेष 80 हजार 811 संदिग्ध राशनकार्डों का सत्यापन बचा है। उन्होंने 21 सितम्बर तक अपना सत्यापन कार्य को अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *