रायपुर, 18 सितंबर 2025/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना और न्योता भोज के अंतर्गत संचालित अभिनव पहल ’प्रोजेक्ट आओ बांटे खुशियां’ के तहत रायपुर जिले के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने जन्मदिवस को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए नन्हें बच्चों संग खुशियां बांट रहे हैं।
इसी क्रम में आज मिडिल स्कूल सांकरा की प्रधानपाठक सुश्री दुर्गा पाठक ने अपने जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बच्चों के साथ केक काटा तथा माध्यमिक शाला बैहर के शिक्षक श्री नागेंद्र देवांगन ने बच्चों के बीच खीर-पूड़ी एवं पौष्टिक आहार वितरित कर अपना जन्मदिन मनाया।
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले के 17 कर्मचारियों को जन्मदिन की पूर्व संध्या पर एसएमएस और ई-कार्ड के माध्यम से शुभकामनाएं दी गई और उन्हें आंगनबाड़ी या विद्यालय में बच्चों संग जन्मदिन मनाने हेतु प्रेरित किया गया।

