छत्तीसगढ़

विधानसभा अध्यक्ष ने शासकीय उद्यान रोपणी पेण्ड्री में ऑटोमेटिक वेजीटेबल सीडलिंग यूनिट का किया अवलोकन


राजनांदगांव, 18 सितम्बर 2025/sns/- विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज राजनांदगांव प्रवास के दौरान शासकीय उद्यान रोपणी पेण्ड्री में ऑटोमेटिक वेजीटेबल सीडलिंग यूनिट का अवलोकन किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने ऑटोमेटिक वेजीटेबल सीडलिंग यूनिट के प्रोसेसिंग तकनीक के बारे में जानकारी ली। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को बताया गया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के माध्यम से शासकीय उद्यान रोपणी, पेण्ड्री जिला राजनांदगांव में राज्य की दूसरी सबसे बड़ी आटोमेटिक वेजीटेबल सीडलिंग यूनिट का निर्माण सब्जी की खेती करने वाले किसानों को रियायती दरों में रोपा (थरहा) उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित की गई है। आटोमेटिक प्लग टाईप वेजीटेबल सीडलिंग यूनिट में तैयार किये जाने वाले पौधे, अन्य माध्यमों से तैयार पौधों (थरहा) की तुलना में रोग रहित स्वस्थ तथा अधिक उत्पादन वाले होते है। जिससे किसानों को अच्छा लाभ मिलता है। ऑटोमेटिक वेजीटेबल सीडलिंग यूनिट में पौध उत्पादन क्षमता प्रति मौसम 60 लाख पौधे तैयार करने की है। पूरे वर्ष में लगभग 180 लाख पौधे उत्पादित किया जाता है, जो क्षेत्रीय किसानों को रियायती दरों पर उपलब्ध होगा। यूनिट के माध्यम से किसानों को सब्जियों की विभिन्न वैरायटी के सीडलिंग पौधे (थरहा) किफायती दर पर उपलब्ध रहेंगे, जिससे उन्हें फायदा होगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में चक्रवाती तूफान के कारण पलग टाईप वेजिटेबल सीडलिंग यूनिट क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसकी मरम्मत के लिए उद्यानिकी विभाग से 32 लाख रूपए तथा डीएमएफ मद से 19 लाख रूपए की लागत से मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण वैष्णव, अध्यक्ष जनपद पंचायत श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण साहू, श्री कोमल सिंह राजपूत, पूर्व सांसद श्री प्रदीप गांधी, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, एसडीएम श्री खेमलाल वर्मा, प्रभारी सहायक संचालक उद्यानिकी श्री रविन्द्र मेहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *