अम्बिकापुर, 13 सितम्बर 2025/sns/- लूण्ड्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत पडौली में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन हुआ। इस अवसर पर लूण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर में विधायक श्री मिंज ने शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाते हुए श्री शिवभरन, श्रीमती मनेश्वरी, श्री माना राम और श्री रामप्रसाद को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रदान किया। इसके अतिरिक्त 10 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए।
उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके ही गांव में समय पर किया जाए। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में जनसमस्या निवारण शिविर इस दिशा में एक प्रभावी काम कर रहा है, जिससे ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ मिले और कोई भी वंचित न रहे।”
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए और उन्होंने अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही अनेक मामलों का समाधान किया गया और शेष आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
शिविर में कुल 84 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 82 मांग एवं 2 शिकायत से संबंधित थे। इनमें से 39 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं शिविर में जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



