छत्तीसगढ़

विधानसभा अध्यक्ष ने बजरंगपुर-नवागांव प्रकरण में पीडि़त परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी


राजनांदगांव, 11 सितम्बर 2025/sns/- विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज नगर पालिक निगम राजनांदगांव के बजरंगपुर-नवागांव प्रकरण में पीडि़त परिवारों से बजरंगपुर-नवागांव वार्ड में पहुंचकर मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की शांति और सौहार्द्र के लिए प्रदेश में एक अलग पहचान हैे और इसे संस्कारधानी भी कहते है। विगत दिनों बजरंगपुर-नवागांव वार्ड में घटित हिंसा एवं हत्याकांड एक दुखद घटना है। नशे की गिरफ्त में आकर बिना किसी कारण के चाकूबाजी की घटना हुई और एक परिवार को बचाते हुए श्री राजेश ढीमर की मृत्यु हो गई। चाकूबाजी की अन्य दूसरी घटना में श्री सचिन दास मानिकपुरी एवं श्री किशन राजपूत की हत्या की गई। पुलिस की शुरूआती कार्रवाई में पहली रिपोर्ट दर्ज होने के बाद तोड़-फोड़ की घटना की सूचना मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाती तो यह घटना इस प्रकार का स्वरूप नहीं लेती। इस घटना के लिए थाना प्रभारी का दोष दिखाई देता है और उस पर कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने इस घटना में शामिल होने वाले अन्य लोगों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि नवागांव से चिखली तक के क्षेत्र में एक पुलिस चौकी खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वहां तत्काल पुलिस चौकी की स्थापना की सहमति प्रदान की है। विधानसभा अध्यक्ष ने तात्कालिक मदद की दृष्टि से मृतक युवा श्री राजेश ढीमर, श्री सचिन दास मानिकपुरी एवं श्री किशन राजपूत के परिवारों को स्वच्छानुदान अंतर्गत एक-एक लाख रूपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने किशन राजपूत के परिवार के लिए अनुकम्पा नियुक्ति की घोषणा की। श्री राजेश ढीमर की पत्नी को जॉब प्लेसमेंट में नौकरी दिलाने के लिए निर्देशित किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शराब एवं नशे के खिलाफ जिले में सतत अभियान चलाने की आवश्यकता है। सुरक्षा के मद्देनजर इन क्षेत्रों में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग के निर्देश दिए। उन्होंने इन क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान महापौर श्री मधुसूदन यादव, श्री कोमल सिंह राजपूत, पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *