छत्तीसगढ़

कोंटा में बालिका सुरक्षा माह एवं रजत जयंती महोत्सव का सफल आयोजन

सुकमा, 05 सितम्बर 2025/sns/- बच्चों के देखरेख एवं संरक्षण को सुनिश्चित करने तथा बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान एवं बालिका सुरक्षा माह अभियान के तहत गुरुवार को शा. स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंटा एवं शा. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंटा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर सह अध्यक्ष जिला बाल संरक्षण समिति श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री शिवदास नेताम के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी गईं। साथ ही बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, बाल श्रम, तस्करी, शाला त्यागी बालिकाएं, गुड टच-बैड टच, ऑनलाइन फ्रेंडशिप एवं उसके दुष्परिणाम जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके बचाव के उपाय बताए गए। विषय से संबंधित वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।
बालिकाओं को शिक्षा का महत्व बताते हुए सुरक्षित और सशक्त बनने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की संकल्पना को आगे बढ़ाते हुए बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ टीम द्वारा रंगोली प्रतियोगिता एवं बालिका सुरक्षा विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर संरक्षण अधिकारी जिला बाल संरक्षण इकाई सुश्री मनीषा शर्मा, चाइल्ड हेल्प लाइन जिला समन्वयक श्री अमित मरावी, विद्यालय से प्राचार्य श्री एस.के. दीप, परियोजना कोंटा महिला एवं बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर चंद्रप्रभा साहू, भूमिका वर्मा, तेजवंती पटेल सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *