अम्बिकापुर, 20 अगस्त 2025/sns/- राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण छत्तीसगढ़ के निर्देशन में “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा“ विषय पर हाई एवं हायर सेकंडरी स्कूल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के महत्व को प्रतिपादित करना है।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉक्टर श्री दिनेश झा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 15 अगस्त 2025 स्वतंत्रता दिवस के अवसर से सभी हाई-हायर सेकंडरी स्कूलों में किए जा रहे हैं। इसके बाद विकासखण्ड स्तर पर 23 अगस्त, जिला स्तर पर 30 अगस्त, संभाग स्तर पर 06 सितम्बर तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 13 सितम्बर 2025 को आयोजित होगी।
प्रतियोगिता के विभिन्न स्तरों पर विजेता विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि एवं पुरस्कार दिए जाएंगे।
विकासखण्ड स्तर पर प्रथम पुरस्कार 2,500, रुपए द्वितीय 2,000 रुपए तृतीय 1,500 रुपए तथा तीन सांत्वना पुरस्कार (1,000-1,000) प्रदान किए जाएंगे।
जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार 7,000 रुपए द्वितीय 5,000 रुपए तृतीय 3,000 रुपए तथा पांच सांत्वना पुरस्कार (2,000-2,000) रहेंगे।
संभाग स्तर पर प्रथम पुरस्कार 11,000 रुपए द्वितीय 8,000 रुपए तृतीय 6,000 रुपए तथा पांच सांत्वना पुरस्कार (3,000-3,000) रुपए दिए जाएंगे।
राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 35,000 रुपए द्वितीय 25,000, तृतीय 20,000 रुपए तथा बारह सांत्वना पुरस्कार (10,000-10,000) रुपए प्रदान किए जाएंगे।
राज्य स्तर तक की इस प्रतियोगिता में विजेताओं को 2 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। विशेष रूप से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्राधिकरण की ओर से प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।


