छत्तीसगढ़

गौ सेवा संकल्प अभियान सरपंचों,सचिवों और पटवारियों को गौ सेवा एवं संरक्षण हेतु प्रशिक्षण आयोजित

मुंगेली, 14 अगस्त 2025/sns/- सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती जनहानि और पशुहानि की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में ‘‘गौ सेवा संकल्प अभियान’’ की शुरुआत की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बेसहारा एवं सड़कों पर छोड़े गए मवेशियों के बेहतर प्रबंधन, सेवा और संरक्षण को सुदृढ़ करना है। इसी कड़ी में मुंगेली विकासखण्ड के सरपंचों, सचिवों और पटवारियों को गौ सेवा एवं संरक्षण के संबंध में जिला पंचायत के सभाकक्ष में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने कहा कि गौ सेवा पवित्र कार्य है। इससे मन को शांति व तनाव से मुक्ति मिलती है। गौ सेवा संकल्प अभियान न केवल पशु कल्याण को बढ़ावा देगा, बल्कि समाज में सह-अस्तित्व और दायित्व बोध की भावना को भी मजबूत करेगा। उन्होंने सभी सरपंचों, सचिवों और पटवारियों को गंभीरता से प्रशिक्षण को लेते हुए गौ सेवा करने की बात कही। जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने घुमंतू मवेशियों को चिन्हांकित कर ईअर टैगिंग करने, युवा, बुजुर्गों एवं आम लोगों को अभियान से जोड़ने तथा गौ सेवा के प्रति जागरूक करने कहा। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि गौ सेवा बहुत ही पुण्य का काम है। हम सभी को गौ सेवा के लिए बढ़-चढ़कर आगे आना चाहिए। गौ सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से घुमंतू पशुओं के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाएं, यातायात में बाधा, जनहानि आदि में निश्चित ही कमी आएगी। कार्यशाला के समापन में गौ माता की सेवा करने, मवेशी को खुले में नहीं छोड़ने, सड़क पर मवेशी मिलने पर किनारे हटाने के साथ ही अपने माता-पिता, मित्रों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को गौ सेवा के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। बैठक में घूमंतू पशुओं की समस्या के संभावित निदान और गाय गोद लेने पर चर्चा की गई। इस दौरान पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी सहित सरपंच, सचिव और पटवारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *