छत्तीसगढ़

बीजापुर की बहनों ने सीमाओं पर भेजा प्यार का 1800 रक्षा सूत्र


बीजापुर, 11 अगस्त 2025/sns/ – जिले में रक्षाबंधन पर्व को विशेष रूप से मनाने और देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करने हेतु एक भावनात्मक पहल की गई। कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ऑपरेशन सिपाही, “रक्षा सूत्र के नाम” से एक विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, किशोरी बालिकाओं और महिला समूहों द्वारा स्नेह और देशभक्ति से निर्मित 1800 राखियाँ देश के वीर सैनिकों को भेजी गईं हैं। इन राखियों के माध्यम से बहनों ने न सिर्फ़ रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ भेजीं, बल्कि अपने पत्रों के ज़रिए सैनिकों के साहस और बलिदान के प्रति श्रद्धा भी अर्पित की।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि यह पहल बच्चों और महिलाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान जताने का एक माध्यम है। जिले की विभिन्न आंगनबाड़ियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की गई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भावनाओं का एक मजबूत सूत्र है। जब यह राखियाँ हमारे जवानों की कलाई पर बंधेंगी तो उन्हें यह एहसास होगा कि पूरा देश उनके साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *