छत्तीसगढ़

राज्य स्तर पर आकांक्षी जिला सुकमा को मिला ताम्र पदक और आकांक्षी ब्लॉक कोंटा को प्रशस्ति पत्र

सुकमा, 04 अगस्त 2025/sns/- नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला और ब्लॉक का संपूर्णता अभियान के तहत चिन्हांकित 6 सूचकांकों में शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए सुकमा जिला को राज्य स्तर पर आकांक्षी जिला का ताम्र पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा आकांक्षी विकासखंड कोंटा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। रायपुर स्थित सर्किट हाऊस के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के द्वारा सुकमा जिले में नवपदस्थ जिला सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर ने पुरुस्कार प्राप्त किया। सुकमा जिले के 10 सदस्य सम्पूर्णता अभियान पुरस्कार समारोह में भाग लेने रायपुर पहुंचे थे।
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने बताया कि नीति आयोग के द्वारा आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखण्ड के अंतर्गत सम्पूर्णता अभियान 4 जुलाई से 30 सितम्बर 2024 संचालित किया गया था। जिसका मुख्य उददेश्य 6 विकास सूचकांकों में सम्पूर्णता प्राप्त करना था। स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत 6 इंडिकेटर में जिले को शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करना था। इस अवधि में सभी 6 इंडिकेटर पर कार्य करते हुए ग्रामीण एवं अंदरूनी क्षेत्र मे लाभार्थियों को बेहतर सेवा प्रदान किया गया। पंचायत विभाग ने कार्यो के क्रियान्वयन में प्रमुख भूमिका निभाई। सभी विभागों के प्रयास और जनभागीदारी से लक्ष्य को प्राप्त किया गया है और यह निरंतर जारी रहेगा। सुकमा जिला को आकांक्षी जिला के तहत् राज्य में ताम्र तथा आकांक्षी ब्लॉक के तहत कोंटा को प्रशस्ति प्रमाण पत्र मिला है।
नीति आयोग जिला स्तर पर प्रगति को तीव्र करने के लिए संबंधित मंत्रालयों और विभिन्न विकास भागीदारों के साथ मिलकर काम करता है। जिलों को सर्वोत्तम प्रथाओं को विकसित करने और दोहराने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है, जो सामाजिक-आर्थिक विषयों में सुधार को बढ़ावा देते हैं। आकांक्षी जिला कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीय बनाना है, जिससे राष्ट्र की प्रगति हो सके। आकांक्षी जिलों का प्रदर्शन “चैंपियंस ऑफ चेंज” नामक सार्वजनिक डोमेन पोर्टल championsofchange.gov.in पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *