छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने व्यवस्था सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए निर्देश परीक्षा केंद्रों पर रहेगी सख्त निगरानी और व्यापम के नियमों का होगा कड़ाई से पालन

कवर्धा, 31 जुलाई 2025/sns/- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा 3 अगस्त 2025 रविवार को आयोजित की गई है। यह परीक्षा सुबह पाली में प्रातः 11ः00 बजे से दोपहर 1ः15 बजे तक संपन्न होगी। कबीरधाम जिले में परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 3078 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और नकल पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने परीक्षा की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मूलभूत आवश्यकताओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। परीक्षा की सुचारु और पारदर्शी तरीके से सम्पन्नता के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री हर्षलता वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। व्यापम द्वारा परीक्षा केंद्रों पर कड़े दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता से बचा जा सके। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने व्यापम की सभी परीक्षाओं के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी हिदायतें

परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा, जिससे फ्रिस्किंग और सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। यह परीक्षा प्रातः 11.00 बजे से प्रारंभ होगा अतः मुख्य द्वार प्रातः 10.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा प्रातः 11 बजे से दोपहर 1ः15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थी हल्के रंग के आधी बाँह वाले कपड़े पहनें तथा फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनकर आना सुनिश्चित करें। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घडी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जावेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *