सुकमा, 31 जुलाई 2025/sns/- श्रम विभाग अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए शैक्षणिक सत्र 2025-26 से “अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना” प्रारंभ की गई है। इस योजना के अंतर्गत श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक चयनित आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।
इस योजना का लाभ उन्हीं छात्र-छात्राओं को मिलेगा, जिन्होंने कक्षा 5वीं में अच्छे अंक प्राप्त करते हुए मेरिट सूची में टॉप 10 में स्थान प्राप्त किया है। चयन के पश्चात विद्यार्थियों को प्रवेश शुल्क, शैक्षणिक शुल्क, गणवेश, पुस्तक-कॉपी, छात्रावास एवं भोजन की संपूर्ण सुविधा मण्डल द्वारा नि:शुल्क प्रदान की जाएगी।
इस योजना के लिए पात्रता में यह अनिवार्य है कि लाभार्थी श्रमिक कम से कम एक वर्ष पूर्व से मण्डल में पंजीकृत हो और यह लाभ केवल प्रथम दो बच्चों को ही दिया जाएगा। चयनित बच्चों को शासकीय आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाएगा तथा कक्षा 12वीं तक बिना किसी शुल्क के अध्ययन की सुविधा दी जाएगी।
योजना के लिए आवेदन 05 अगस्त 2025 तक श्रमिक श्रम संसाधन केन्द्र या जिला श्रम कार्यालय सुकमा में जाकर किया जा सकता है। इच्छुक आवेदक स्वयं भी पोर्टल https://shramevjaytate.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के समय हितग्राही का श्रमिक पंजीयन कार्ड, मूल निवासी प्रमाण पत्र, छात्र का आधार कार्ड, पूर्व कक्षा की अंकसूची, अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र (प्रवेश के पश्चात), स्वघोषणा पत्र एवं आयु प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।


