छत्तीसगढ़

स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम पदेडा में व्यक्तिगत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

बीजापुर, 17 जुलाई 2025/sns/- स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शिखर युवा मंच बिलासपुर  द्वारा

SBI फाउंडेशन के सहयोग से विकासखंड एवं जिला बीजापुर के ग्राम पदेड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष व्यक्तिगत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म संबंधी जागरूकता से जोड़ना था, ताकि वे स्वच्छ और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकें।
इस आयोजन में विद्यालय के कुल 68 प्रतिभागियों, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों को दैनिक स्वच्छता से जुड़ी सामग्री जैसे ब्रश, टूथपेस्ट, साबुन वितरण से की गई। प्रशिक्षकों ने बच्चों को ब्रश करने के सही तरीके, नित्य स्नान, हाथ धोने और व्यक्तिगत साफ-सफाई की आदतों के महत्व को रोचक ढंग से समझाया। साथ ही विद्यालय को सामूहिक उपयोग हेतु हैंडवॉश यूनिट प्रदान की गई, जिससे छात्र-छात्राएं नियमित रूप से हाथ धोने की आदत को आत्मसात कर सकें।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण किशोरी बालिकाओं के लिए आयोजित विशेष सत्र रहा। 12 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की बालिकाओं को पीरियड्स (मासिक धर्म) से संबंधित जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से शैक्षणिक वीडियो दिखाकर दी गई। इस वीडियो के माध्यम से पीरियड्स से जुड़ी भ्रांतियों को तोड़ते हुए, उसे एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया के रूप में समझाया गया। इसके पश्चात

SBI संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा किशोरी बालिकाओं को पीरियड्स के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता, सेनिटरी पैड के उपयोग, संक्रमण से बचाव, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
इसके साथ ही कार्यक्रम के अंतर्गत “स्कूल चलो अभियान” भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया गया और सभी बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने और पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य था कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर बच्चा विद्यालय से जुड़े।
विद्यालय के प्रधानपाठक, समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ ने इस कार्यक्रम की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करती है, बल्कि किशोरियों को उनके स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर बात करने का आत्मविश्वास भी देती है। उन्होंने शिखर युवा मंच और

SBIफाउंडेशन का धन्यवाद करते हुए आग्रह किया कि भविष्य में भी इस तरह की जागरूकता गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जाती रहें।
अभियान में एसबीआई संजीवनी टीम, बीजापुर का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन श्री मुकेश मानिकपुरी परियोजना समन्वयक, सुश्री माधुरी सिंह चिकित्सक, सुश्री मनोरमा उसेंडी लैब तकनीशियन, सुश्री जयश्री सेगम स्टाफ नर्स, श्री सिद्ध मौर्य फार्मासिस्ट, श्री सियाराम कुदियम पायलट द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *