छत्तीसगढ़

भोरमदेव पदयात्रा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर स्टॉल लगाकर बेटियों के महत्व का दिया गया संदेश

कवर्धा, 14 जुलाई 2025/sns/- सावन मास के प्रथम सोमवार को परंपरागत रूप से प्रारंभ हुई भोरमदेव पदयात्रा के विशेष अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग कबीरधाम द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ थीम पर जागरूकता स्टॉल एवं सेल्फी प्वाइंट की स्थापना की गई। इस रचनात्मक पहल का उद्देश्य बालिका जन्म को प्रोत्साहित करना, बेटियों के जन्म को उत्सव की तरह मनाने की भावना को जनमानस तक पहुँचाना और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आनंद कुमार तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस नवाचार ने पदयात्रा में सहभागिता कर रहे श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। स्टॉल के माध्यम से बेटियों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया गया, जिससे ‘बेटीजन्मोत्सव’ जैसी अवधारणाओं को व्यवहार में लाने की प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने स्टॉल का अवलोकन किया एवं विभाग द्वारा किए गए इस प्रयास की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए की जा रही ऐसी रचनात्मक पहलें समाज में स्थायी मानसिक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होंगी और इससे बेटियों को समानता व सम्मान का वातावरण प्राप्त होगा। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से श्री ईश्वरी साहू, अध्यक्ष जिला पंचायत कबीरधाम श्री कैलाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, अध्यक्ष नगर पालिका श्री नितेश अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अजय कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह छवई, स्नेह सर्वोदय सेवा संस्था राजनांदगांव के सचिव श्री सत्यमित्र शास्त्री, जिला मिशन समन्वयक श्रीमती कविता सिंह एवं जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती सरिता साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूली छात्राएँ, उनके अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत जिले की बालिकाओं के लिए विविध गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं हेतु कैरियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन दिनांक 15 एवं 16 जुलाई 2025 को किया जाएगा, जिसका उद्देश्य छात्राओं को शैक्षणिक एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *