कवर्धा, 12 जुलाई 2025/sns/- उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से सावन महीने में आने वाले श्रद्धालु और पदयात्रा कावड़ियों के व्यवस्था की तैयारियां जोरो-शोरो से की जा रही है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अमरकंटक से डोंगरिया, भोरमदेव और बुढ़ामहादेव तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधि विशेष रूप से सक्रिय हैं। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से इस बार श्रद्धालुओं और पदयात्रियों के लिए व्यापक और समर्पित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अमरकंटक से भोरमदेव मार्ग में पड़ने वाले स्थलों पर निःशुल्क ठहरने की सुविधा, स्वास्थ्य सेवा, भोजन एवं स्वल्पाहार, पेयजल, सुरक्षा बल की तैनाती सहित सभी बुनियादी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को पूर्व से ही निर्देशित किया गया है और कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल पर श्रावण मास में श्रद्धालु, कांवड़ यात्रा पर जाने वाले कांवड़ियों के लिए आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कवर्धा से अमरकंटक तक सीधी बस सेवा प्रारंभ की गई है। इस निर्णय से जिले के साथ-साथ आसपास के श्रद्धालुओं को यात्रा में अब और अधिक सुविधा एवं सहूलियत मिल सकेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह विशेष बस प्रतिदिन प्रातः 9 बजे कवर्धा से अमरकंटक के लिए रवाना होगी, और वहीं से वापसी में यह बस शाम 4ः00 बजे अमरकंटक से कवर्धा के लिए प्रस्थान करेगी। यह सेवा विशेष रूप से श्रावण माह के दौरान बड़ी संख्या में जाने वाले कांवड़ियों को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ की गई है। बस संचालन के लिए आवश्यक परमिट प्रशासन द्वारा जारी कर दिया गया है, और बस सेवा का नियमित संचालन शुरू हो चुका है। श्रद्धालुओं को अब निजी साधनों या असुविधाजनक परिवहन माध्यमों की आवश्यकता नहीं होगी। यह सुविधा न केवल यात्रियों को राहत देगी, बल्कि विष्णुदेव साय सरकार की धार्मिक आस्थाओं के प्रति प्रतिबद्धता और जनता के कल्याण के लिए तत्परता को भी दर्शाती है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की यह पहल श्रद्धालुओं में हर्ष और संतोष का कारण बनी है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देश पर भोरमदेव मार्ग में जहां-जहां कांवड़िए रुकते हैं, वहां स्कूल, भवन,, टेंट, अस्थाई शौचालय, मेडिकल टीम, प्राथमिक उपचार किट, प्रकाश व्यवस्था तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और स्वयंसेवी संगठनों को समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए लगाया गया है। अमरकंटक से कावंड यात्रा निकलने पर पड़ने वाले ग्राम लमनी और खुड़िया में कांवड़ यात्रियों के लिए वॉटरप्रूफ टेंट की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे बारिश के दौरान भी यात्रियों को कोई असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त, पंडरिया, कुई, पोलमी, डोंगरिया, खड़ौदा, सिल्हाटी, पोड़ी सहित कवर्धा के विभिन्न शासकीय स्कूलों एवं पंचायत भवनों में भी पेयजल, रात्रि विश्राम एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। बोड़ला जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम राजानवांगांव, खरहट्टा, भोरमदेव, बोड़ला एवं कबीरकुटी सहित जनपद पंचायत कवर्धा के अंतर्गत ग्राम सिंघनपुरी, समनापुरी, अमलीडीह, बरपेलाटोला, रेंगाखार खुर्द एवं कोड़ार में भी पेयजल, ठहरने एवं स्वच्छ शौचालय की सुविधा को दुरुस्त किया जा रहा है।

