छत्तीसगढ़

ग्रामीणों के आवास निर्माण के लक्ष्य पूर्ति हेतु जिला प्रशासन सरगुजा की अनूठी पहल

अम्बिकापुर, 03 जुलाई 2025/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सरगुजा जिले में आवास निर्माण की प्रगति को गति देने एवं लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष प्रतिस्पर्धा की घोषणा की गई है। यह प्रतियोगिता 01 जुलाई 2025 से 10 अगस्त 2025 तक आयोजित की जाएगी।
जिले में वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत 23,503, मुख्यमंत्री आवास योजना अंतर्गत 1,005 तथा पीएम जनमन योजना अंतर्गत 1,986 आवासों का निर्माण अपूर्ण है। इन्हें पूर्ण करने हेतु मैदानी अमलों, तकनीकी सहायकों, पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों एवं आवासमित्रों की सहायता से लगातार कार्य किया जा रहा है।
विशेष प्रतिस्पर्धा के अंतर्गत उन ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया जाएगा जिन्होंने इस अवधि में सर्वाधिक संख्या में आवासों का निर्माण पूर्ण किया है। ऐसे पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायकों को स्वतंत्रता दिवस 2025 के गरिमामयी समारोह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जनपद स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
इस अवधि में आवास पूर्णता से संबंधित अभिलेखों का संधारण जनपद पंचायत स्तर पर किया जाएगा तथा दिनांक 10 अगस्त 2025, शाम 5ः00 बजे तक समस्त आवश्यक जानकारी जिला पंचायत सरगुजा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण प्रकोष्ठ, अंबिकापुर में प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य है।
उल्लेखनीय है कि अब तक सरगुजा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 70,270 आवासों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। वहीं, पीएम जनमन योजना के अंतर्गत जिले की विशेष पिछड़ी जनजाति दृ पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए 591 आवासों का निर्माण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया है।
यह अभिनव पहल जिले के ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण आवास प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है, जिससे उन्हें बेहतर जीवनयापन का अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *