सुकमा,19 जून 2025/sns/- कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने गुरुवार को छिंदगढ़ विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पेदारास, कुन्दनपाल और कुन्ना ग्रामों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन और शासकीय संस्थानों की स्थिति का जायजा लिया।
उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण एवं वितरण व्यवस्था पर नाराजगी
पेदारास ग्राम में उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने राशन के भंडारण और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और शेष बचे हितग्राहियों को जल्द से जल्द राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं कुन्ना और कुन्दनपाल ग्रामों में दुकानों के बंद पाए जाने और वितरण में अनियमितता पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह हमारी प्राथमिकता है। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि कुन्ना में केवल दो माह का राशन वितरित किया गया, जबकि शासन के निर्देशानुसार तीन माह का वितरण होना था।
कन्या आश्रम कुन्दनपाल एवं बालक आश्रम कुन्ना में शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं लिया जायजा
कलेक्टर श्री ध्रुव ने कन्या आश्रम कुन्दनपाल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आश्रम परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और शौचालय की स्थिति सुधारने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही बालक आश्रम कुन्ना का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बिजली व्यवस्था, स्वच्छता और छात्रों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक कक्षों की मरम्मत कराने, किचन गार्डन विकसित करने और फलदायी पौधों के रोपण के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणजनों से चर्चा करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने हेतु जागरूक किया।

