सुकमा, 10 जून 2025/sns/- कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता जैन के मार्गदर्शन में सुकमा जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 सफलतापूर्वक जारी है, जिसके तहत दिनांक 9 जून, 2025 को ग्राम पंचायत बोकड़ा-ओदार, हमीरगढ़, मानकापाल, मारूकी एवं कांकेरलंका में पंचायत स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस दौरान अकेले बोकड़ा-ओदार, विकासखण्ड छिंदगढ़ में कृषक उपस्थित रहे। सभी कार्यक्रम स्थलों में महिला एवं पुरूष कृषकों के साथ-साथ कृषि सखियों ने भाग लेकर कृषि वैज्ञानिकों, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से खेती की उन्नत तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उपरोक्त सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में विकासखण्ड स्तरीय कृषि से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कृषि मित्रों, सभी प्रगतिशील कृषकों जनप्रतिनिधियों, सभी ग्राम पंचायत सचिवों, सरपंचों एवं पंचों का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
विकासखण्ड छिंदगढ़ के ग्राम पंचायत बोकड़ा-ओदार में जिले के उपसंचालक कृषि पी.आर. बघेल, मछली पालन विभाग के डॉ. उदय सवनक, श्रीमती सोमड़ी पोडियामी (जनपद सदस्य), श्रीमती सा. यादव (जिला सदस्य), कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख एच.एस. तोमर तथा डॉ. परमानंद व डॉ. जितेश कुमार बघेल, विकासखण्ड सुकमा में श्रीमती मयूरी ठाकुर व भीम कुमार जायसवाल एवं विकासखण्ड कोंटा में आर. पी. कश्यप व कैलाश कुमार मरकाम ने मरहान जमींन में धान के जगह उपयुक्त फसल कोदो, रागी व कुटकी जैसे मोटे अनाजों की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया एवं खरीफ फसलों की आधुनिक तकनीक जैसे उन्नत किस्म, बीजोपचार, पादप हार्माेन का उपयोग, समन्वित खरपतवार, खाद, उर्वरक, सिंचाई , कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी, कृषि यंत्रों का उपयोग तथा पशुपालन एवं मछली पालन के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, केसीसी, पीएम फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।