सुकमा, 09 जून 2025/sns/- कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता जैन के मार्गदर्शन में सुकमा जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 सफलतापूर्वक जारी है। जिसके तहत 6 जून, 2025 को ग्राम पंचायत गुफड़ी, कांदें, कोकावाड़ा, लेदा, सेमसेट्टी एवं कोन्हीगुड़ा में पंचायत स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस दौरान सभी कार्यक्रम स्थलों में महिला एवं पुरूष कृषकों के साथ-साथ कृषि सखियों ने भाग लेकर कृषि वैज्ञानिकों, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से खेती की उन्नत तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उपरोक्त सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में विकासखण्ड स्तरीय कृषि से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कृषि मित्रों, सभी प्रगतिशील कृषकों जनप्रतिनिधियों, सभी ग्राम पंचायत सचिवों, सरपंचों एवं पंचों का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। ग्राम पंचायत गुफड़ी में जनसैलाब देखते ही बनता था। जिसमें कृषक भाई बहनों का संकल्प यात्रा में शामिल होना उनके आधुनिक खेती के प्रति रुझान को दर्शाता है, जिले के सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों की टीम भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है, जिनके द्वारा खरीफ फसलों की आधुनिक तकनीक जैसे उन्नत किस्म, बीजोपचार, पादप हार्माेन का उपयोग, समन्वित खरपतवार, खाद, उर्वरक एवं सिंचाई प्रबंधन, कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी, कृषि यंत्रों का उपयोग, पशुपालन एवं मछली पालन के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही हैं। साथ ही प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, केसीसी, पीएम फसल बीमा योजना आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
