छत्तीसगढ़

बहतराई खेल स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर संजू ने बढ़ाया देश का मान

*छठवीं एशियन महिला कबड्डी प्रतियोगिता में देश को दिलाया स्वर्ण पदक*

*बिलासपुर पहुंचने पर संजू देवी का भव्य स्वागत*

*प्रशासनिक अधिकारियों, खेल संघों और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं*

बिलासपुर मार्च 2025/sns/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और सुविधाएं मिल रही हैं। इसी क्रम में बिलासपुर के बहतराई खेल स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई और देश को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। संजू का बिलासपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। प्रशानिक अधिकारियों, खेल संघों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी। खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा खेल और खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन के लिए आभार जताया।

     संजू ने छठवीं एशियन महिला कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेकर बेहतर खेल का प्रदर्शन किया,जिसकी बदौलत टीम इंडिया को स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ। कोरबा जिले के छोटे से गांव से निकलकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने बताया कि पहले वह गांव के छोटे छोटे आयोजनों में भाग लेती थी, जहां से उन्हें सीनियर खिलाड़ी ने जिले के कबड्डी प्रशिक्षक श्री अनुज प्रताप सिंह से मिलवाया,अनुज ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए प्रशिक्षित किया और बहतराई खेल स्टेडियम में चयन के लिए तैयारी कराई। यहां चयनित होने के बाद खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उनकी खेल प्रतिभा में निखार आया और उन्हें ये अवसर मिल पाया कि उन्होंने अंतराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया। 

     संजू ने बताया कि 8 घंटे की यात्रा के बाद वे ईरान पहुंची जहां कड़ाके की ठंड थी, प्रतिकूल मौसम से सामंजस्य बिठाते हुए भारतीय टीम द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मलेशिया, नेपाल पर जीत हासिल की गई। फाइनल मैच मेजबान ईरान के साथ हुआ, जहां उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर भारत का परचम लहराया। संजू ने बताया कि ईरान के नियमों के अनुरूप सभी खिलाड़ियों को रहना होता था, मेजबान देश के सभी नियमों का पालन करते हुए खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, और भारत को जीत दिलाई। संजू ने जिला कार्यालय में एडीएम शिव कुमार बनर्जी से मुलाकात की। इस अवसर पर तीरंदाजी में राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाली खिलाड़ी भी मौजूद थी। एडीएम ने इस शानदार उपलब्धि पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। संजू ने इस सफलता की यात्रा में सहभागी बने जिला खेल अधिकारी श्री एक्का सहित अपने सभी खेल प्रशिक्षकों और बहतराई स्टेडियम के सभी स्टॉफ का आभार जताया।

रेहाना/70/397

–00–

समाचार

*सिम्स बिलासपुर, कोरबा एवं रायगढ़ मेडिकल कॉलेज स्वशासी समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय*

*सिम्स के लिए 9.82 करोड़ रूपए बजट का अनुमोदन* 

*संभागायुक्त महादेव कावरे की अध्यक्षता में हुई बैठक* 

बिलासपुर, 13 मार्च 2025/संभागायुक्त महादेव कावरे की अध्यक्षता में सिम्स बिलासपुर, मेडिकल कॉलेज कोरबा और रायगढ़ की स्वशासी प्रबंधकारणी समिति की बैठक आज यहां सिम्स सभागार में आयोजित की गई। रायगढ़ कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल, डीन एवं कोरबा मेडिकल कॉलेज के डीन बैठक में वीसी के जरिए शामिल हुए। बैठक में मेडिकल छात्रों और मरीजों की सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।  

       बैठक में संस्थान की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय व्यवस्था और मुद्दों पर चर्चा कर सुविधाएं विकसित करने अनेक प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। स्वशासी समिति सिम्स के लिए 2025-26 का वार्षिक बजट अनुमोदित किया गया। 2025-26 के लिए 9 करोड़ 82 लाख रूपए का वार्षिक बजट तैयार किया गया है। अस्थि रोग विभाग में मरीजों के फिजियोथैरिपी हेतु चिकित्सकीय उपकरणों के लिए 2 लाख 85 हजार रूपए की स्वीकृति दी गई। सिम्स परिसर में स्थित सभी हॉस्टलों में आवश्यक मरम्मत के कार्य कराए जाएंगे। अतिथि गृह में अतिथियों को कक्ष आबंटन हेतु निर्धारित नियमावली व निर्धारित शुल्क पर भी चर्चा की गई। एमबीबीएस पाठ्क्रम के विद्यार्थियों के लिए ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन अप्रैल माह में किया जाएगा जिसमें 4 लाख 92 हजार रूपए का खर्च संभावित है। संभागायुक्त को पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन से भी अवगत कराया गया। इसी प्रकार स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति कोरबा मेडिकल कॉलेज एवं रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। बैठक में एडीएम श्री ए.आर. कुरूवंशी, अधिष्ठाता सिम्स डॉ. रमणेश मूर्ति, अधीक्षक डॉ. लखन सिंह, उपायुक्त डॉ. स्मृति तिवारी सहित सिम्स के अन्य प्रशासकीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *