विभिन्न ग्रामों में आयोजित किया गया लाइव प्रसारण
लोगों ने तन्मयता से सुना मुख्यमंत्री का सन्देश
मुंगेली दिसंबर 2024/sns/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सुशासन के 01 वर्ष पर आज प्रदेश की जनता को संबोधित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश की जनता की खुशहाली एवं उन्नति के लिए बीते 01 वर्ष में किए गए कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारी सबसे बड़ी चुनौती जनता में विश्वास को कायम करने की थी। अब अपनी सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर मुझे यह बताते हुए संतोष हो रहा है कि ‘मोदी की गारंटी’ के रूप में किए सभी बड़े वादों को पूरा कर हमने जनता के विश्वास को कायम रखा है। 13 दिसम्बर को हमारी सरकार का पहला साल पूरा हो रहा है। विगत एक वर्ष में छत्तीसगढ़ प्रदेश ने विकास के अनेक नये आयाम स्थापित किए हैं। हमने बीते एक साल को विश्वास का वर्ष घोषित किया है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री राहुल देव के निर्देशानुसार और जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में लाइव प्रसारण का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने बड़ी तन्मयता के साथ मुख्यमंत्री जी के संदेश को सुना। ग्राम खेढ़ा के गोपी साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में 01 साल कैसे बीता पता नहीं चला, साय सरकार द्वारा गांव, गरीब और किसानों के लिए बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के कार्यों की खुलकर सराहना की। किशन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य में तेजी आई है, अब जरूरतमंद परिवारों को आवास मिलना शुरू हो गया है। श्रीमती सुखमति बाई ने महतारी वंदन योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है। इसी तरह अन्य ग्रामीणों ने भी साय सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को सराहा। इस अवसर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।