छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने मृत कर्मचारियों के परिजनों को प्रदान किया अनुकंपा नियुक्ति पत्र

मुंगेली, 31 जुलाई 2025/sns/- जिले के दो दिवंगत शासकीय सेवकों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति के अंतर्गत पटवारी (तृतीय श्रेणी) पद हेतु कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला पंचायत में नियुक्त पत्र प्रदान किया। कलेक्टर कार्यालय (भू-अभिलेख शाखा) मुंगेली द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित शर्तों के अधीन पटवारी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जारी आदेश के अनुसार, शासकीय महाविद्यालय सरगांव में सहायक ग्रेड-02 के पद पर पदस्थ स्व. चंद्रमणि कोशले का निधन 18 अक्टूबर 2024 को शासकीय सेवा के दौरान हो गया था। उनके पुत्र श्री विरेंद्र कुमार को जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा एवं शासन के निर्देशानुसार अनुकंपा नियुक्ति के अंतर्गत पटवारी प्रशिक्षण हेतु चयनित किया गया है। इसी तरह कृषि विकास अधिकारी, कार्यालय उप संचालक कृषि, मुंगेली में पदस्थ स्व. भरतराम घृतेश का 02 सितंबर 2023 को निधन हो गया था। उनके पुत्र श्री योगेन्द्र सिंह घृतेश को भी जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा पर पटवारी (तृतीय श्रेणी) पद के लिए उपयुक्त मानते हुए चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत ही अंतिम नियुक्ति दी जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय और अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव मौजूद रहे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *