मोहला 3 जुलाई 2024।sns/- कलेक्टर श्री एस जयवर्धन एवं पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शांति एवं कानून व्यवस्था के संबंध में राजस्व, पुलिस, खनिज, आबकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्व एवं पुलिस प्रशासन सामूहिक प्रयास के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा की आमजनता की समस्याओं कों संवेदनशीलता के साथ सुने और समय पर निराकरण करें। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं पुलिस विभाग के अनुविभाग स्तर के अधिकारियों अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवो की सतत निगरानी रखें और शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए समय-समय पर नागरिकों से भेंट करें। आमजनता और क्षेत्र की समस्याओं से रूबरू होकर, यथासंभव अपने स्तर पर समस्याओं का निराकरण करें। बड़े स्तर के समस्याओं के लिए जिला प्रशासन के संज्ञान में लाएंगे। जनता के बीच अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उनकी समस्याओं को सुनने के निर्देश दिये हैं। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नक्सली गतिविधियों को देखते हुये आम जनों की सुरक्षा और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें आवश्यक सुरक्षा का एहसास दिलाये। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित ना हो और शांति व्यवस्था निर्मित रहे इसे ध्यान में रखते हुए मैदानी अमले के अधिकारी नियमित रूप से अपने क्षेत्र का भ्रमण करें। बैठक में कलेक्टर ने अवैध खनिज परिवहन, उत्खनन पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिये हैं। अवैध शराब के परिवहन और विक्रय पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने कहा कि जनसरोकार से जुड़े योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी अपना योगदान दें। कलेक्टर ने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक अवैध गतिविधियों पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना जन्य क्षेत्र की पहचान कर दुर्घटना को रोकने के लिए सार्थक उपाय करें। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जल भराव क्षेत्र एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की संघन जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। नकारात्मक एवं अपवाह फैलाने वाले खबरों पर भी संज्ञान लेने कहा गया है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह ने कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में कहा कि पुलिस अधिकारी आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाये। नियमित सर्च करें, साथ ही संदिग्ध क्षेत्र में सवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि कोई भी छोटी समस्या समय पर निराकरण नहीं होने से आगे चलकर बड़ा इश्युँ बन जाता है, इसे ध्यान में रखते हुए हर तरह की समस्या को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रेमलता चंदेल जिला पुलिस प्रशासन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।