बचे हुए वन ग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने के लिए की जाए आवश्यक कार्यवाही.
जगदलपुर 16 जनवरी 2024/ कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कहा कि नियमों के साथ राजस्व प्रकरणों का निराकरण हेतु सभी राजस्व अधिकारियों को नियम-कानून की जानकारी होना चाहिए। क्योंकि नियमों की जानकारी ही राजस्व अधिकारियों का मुख्य हथियार है, इसलिए सभी सतत नियमों का अध्ययन करते रहें। कलेक्टर श्री विजय मंगलवार को राजस्व अधिकारियों की विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
कलेक्टर ने चांदामेटा क्षेत्र को वन ग्राम से राजस्व ग्राम बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही दरभा, बास्तानार और लोहण्डीगुड़ा अनुभाग के पंचायतों की सूची में आबादी का आंकलन कर नया पंचायतों हेतु कार्यवाही करने के निर्देश। उन्होंने नक्शा नवीनीकरण के कार्य हेतु अभिलेख कोष्ठ में प्रकरणों की जानकारी सही नहीं देने वालों को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में निर्माणाधीन एसडीएम और तहसील कार्यालय के निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर काम को गति देने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजस्व के प्रकरण, भू-अर्जन प्रकरणों, समय-सीमा में राजस्व प्रकरण के निराकरण, नजूल के प्रकरण, न्यायालय नजूल के प्रकरण, विवादित खाता विभाजन,खसरा पुनः क्रमांकन, नक्शा बटांकन, नक्शा नवीनीकरण के कार्य सहित राजस्व के मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने राजस्व न्यायालय में लिए निर्णय पर कार्यवाही कर प्रकरणों को निराकृत करने कहा। निम्न कार्यालय के स्तर से निराकृत प्रकरणों के प्रतिवेदन के आधार पर उच्च कार्यालय द्वारा नस्तीबद्ध किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सीमांकन का लंबित प्रकरणों के निराकरण में देरी के लिए ग्रामीणों के द्वारा शिकायत की जा रही है। इसके लिए अपर कलेक्टर द्वारा बस्तर, बकावंण्ड़ और जगदलपुर में सीमांकन के प्रकरणों का रोस्टर आधार पर जांच कर अनुभाग स्तर पर निराकरण करवाएं। आरबीसी 6-4 के लिए प्रकरणों की जनक्षति, पशुक्षति के लंबित प्रकरणों की जल्द निराकरण कर राशि जारी करें। साथ ही आरबीसी के लिए राजस्व अमलों को ऑनलाईन प्रशिक्षण भी समय-समय पर देने की व्यवस्था की जाए।
समय-सीमा के एक वर्ष से अधिक लंबित प्रकरणों पर चर्चाकर अधिक प्रकरणों वाले तहसीलदारो से कार्यवाही की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुचित क्षेत्र से बेदखली का पुनःस्थापना, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पर आवश्यक कार्यवाही में प्रगति लाने के निर्देश दिए। न्यायालय में लिए गए निर्णय पर कार्यवाही कर प्रकरणों को निराकृत करने सहित नीचे स्तर से निराकृत प्रकरणों के प्रतिवेदन के आधार पर नस्तीबद्ध किया जाए। इस अवसर अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार उपस्थित थे।