किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश प्रभारी शर्मा ने मुख्यमंत्री साय का माना आभार, कहा : अब किसानों को प्रति एकड़ 6,300 रुपए का लाभ होगा
‘कांग्रेस की घोषणाएँ ढपोरशंखी साबित हुईं, ‘मोदी की गारंटी’ के प्रति प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता को व्यक्त किया है’
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश प्रभारी संदीप शर्मा ने चालू खरीफ सत्र से किसानों से धान प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 31सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का आदेश देने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार माना है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने धान खरीदी के लिए नवगठित विधानसभा के पहले ही सत्र में अनुपूरक बजट पेश किया है और अपने वादे के मुताबिक धान खरीदी करने पर भाजपा की प्रदेश सरकार पर 11,800 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा।
भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश प्रभारी श्री शर्मा ने कहा कि किसानों के सर्वांगीण उन्नति की दिशा में यह एक क्रांतिकारी कदम है। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा जो कहती है, वह करती है। इस निर्णय से किसानों की उपज का दाना-दाना खरीदकर अन्न का सम्मान प्रदेश की भाजपा सरकार कर रही है। प्रदेश सरकार के इस आदेश के बाद अब किसानों को प्रति एकड़ 6,300 रुपए का लाभ होगा। इतना ही नहीं, किसानों को उनकी उपज का पूरा भुगतान एकमुश्त होगा और किसानों को हर पंचायत भवन में बैंकों के नकदी आहरण काउंटर स्थापित कर बिना लम्बी कतारों के भुगतान प्रदान किया जाएगा। श्री शर्मा ने कहा कि अब धान खरीदी से पहले ही बारदानों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा ही किसानों की सच्ची हित चिंतक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने देश का कृषि बजट 6 गुना तक बढ़ाया है। अब ‘मोदी की गारंटी’ के प्रति प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता को व्यक्त किया है।