छत्तीसगढ़

विद्युत करेंट से जंगली हाथी की हुई मृत्यु

जांच उपरांत जीआई तार एवं झटका मशीन को किया गया जप्त
आरोपी को भी किया गया गिरफ्तार
रायगढ़, सितम्बर 2023/ वन मंडलाधिकारी धरमजयगढ़ वनमंडल ने बताया कि बीते 10 सितम्बर 2023 को बायसी परिसर अंतर्गतम ग्राम मेढऱमार के सामरफुदगा नामक स्थान में देवसिंह राठिया के निजी राजस्व भूमि धान के खेत में 01 वन्यप्राणी जंगली हाथी नर उम्र 45 वर्ष मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना परिसर रक्षक द्वारा दूरभाष के माध्यम से वन परिक्षेत्र अधिकारी धरमजयगढ़ को दिया गया। सूचना प्राप्त होते ही वन परिक्षेत्राधिकारी धरमजयगढ़ वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचित कर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ घटना स्थल में पहुंचकर घटना स्थल का सूक्ष्मता से जांच निरीक्षण किया। मौके में वन्यप्राणी जंगली नर हाथी मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। मृत जंगली हाथी के सूड में जलने का निशान देखा गया। जिला स्तरीय गठित पशु चिकित्सा अधिकारियों को पोस्ट मार्टम हेतु सूचित किया गया। मृत जंगली हाथी के शव का पशु चिकित्सा अधिकारियों द्वारा नियमानुसार पोस्ट मार्टम कर उप वनमंडलाधिकारी धरमजयगढ़ एवं वन परिक्षेत्राधिकारी धरमजयगढ़ के समक्ष किया गया तथा विषरा जांच हेतु मृत हाथी के अंगों का सैम्पल तैयार किया गया। तत्पश्चात विधिवत गड्ढा खोदकर दफन-कफन किया गया। पशु चिकित्सा अधिकारियों के पोस्ट मार्टम रिपोर्ट अनुसार वन्य प्राणी जंगली हाथी की मृत्यु करेंट से होना पाया गया है।
            उप वनमंडलाधिकारी धरमजयगढ़ एवं वन परिक्षेत्राधिकारी धरमजयगढ़ के द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण करने पर पाया गया कि घटना स्थल के पास ही अरूण विश्वास साकिन मेढरमार कालोनी के द्वारा अपने धान एवं मक्का के फसल की सुरक्षा हेतु खेत के चारों ओर मेढ़ में नंगा जीआई तार लगाया हुआ मिला। जिसकी चपेट में आने से वन्यप्राणी हाथी की मृत्यु हुई है। जांच उपरांत जीआई तार एवं झटका मशीन को जप्त किया गया। आरोपी अरूण विश्वास साकिन मेढरमार कालोनी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर जप्ती नामा तैयार कर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 02, 09 49 ए, 50 एवं 51 के तहत वन अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *