छत्तीसगढ़

आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से होना चाहिए निराकरण-कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा

समय पर कार्यालय पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी
नये निर्माण कार्यों में अब गोबर के पेन्ट का होगा उपयोग
पहली बैठक में कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

रायगढ़, जनवरी 2023/ जिले के नवपदस्थ कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने आज पदभार ग्रहण करने के पश्चात जिला अधिकारियों की संक्षिप्त बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की ली। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का आसानी से व समय पर निराकरण करना सभी अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्हे अनावश्यक भटकना न पड़े व शासन की योजनाओं का प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर तक क्रियान्वयन होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिन्हा ने जिले में चल रही शासन  के योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने धान खरीदी व उठाव की जानकारी लेते हुए कहा कि आज खरीदी का अंतिम दिन इसके पश्चात तेजी से उठाव करवाएं। मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए कुपोषित बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोषण पुनर्वास केंद्रों में पूरे बेड भरे होने चाहिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण आहार प्रदान किए जाने के संबंध में भी उन्होंने जानकारी ली।
आत्मानंद स्कूलों के संचालन पर चर्चा करते हुए उन्होंने शिक्षकों के रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए। हाट-बाजार क्लिनिक योजना के नियमित संचालन के साथ हीं उन्होंने मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत मरीजों को मिल रही उपचार सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिन्हा ने सड़क निर्माण के साथ ही अन्य विभागों द्वारा करवाए जा अधोसंरचना विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सारे कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरे किए जाएं। राजस्व प्रकरणों को लेकर उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं। राजस्व न्यायालयों में बैठने की तिथि निर्धारित होनी चाहिए। लोक सेवा गारंटी व जन चौपाल के लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करें। उन्होंने अगली समय-सीमा की बैठक में इसकी समीक्षा की बात कही। जल जीवन मिशन के काम की समीक्षा करते हुए अब तक हुए कार्यों के बारे में ईई पीएचई से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टेण्डर के अनुसार सारे वर्क आर्डर जल्द जारी करवायें।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अबिनाश मिश्रा, आयुक्त नगर निगम श्री संबित मिश्रा, डीएफओ सुश्री स्टायलो मण्डावी, अपर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर श्री राजीव पाण्डेय सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
नये निर्माण कार्यों में गोबर पेन्ट का करें उपयोग
कलेक्टर श्री सिन्हा ने निर्माण कार्यों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अब से नये निर्माण कार्यों मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार गोबर पेन्ट का ही उपयोग किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने वन अधिकार पट्टा वितरण, मनरेगा, जल संसाधन विभाग, पीएम आवास के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा कर जरूरी निर्देश दिए।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *