जिले के सभी गौठानों, धान खरीदी केंद्रों, प्राथमिक सहकारी सोसाईटी परिसर और नगरीय क्षेत्रों में व्यापक पैमाने पर होंगे आयोजन
कार्यक्रम में शासन की प्रमुख योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
रायपुर, दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने जिले में छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के भव्य आयोजन के लिए विडियों कांफ्रेंस के माध्यम से सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। गौरव दिवस 17 दिसम्बर 2022 को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा राज्य की जनता के नाम संदेश दिया जाएगा, जिसके प्रसारण हेतु कलेक्टर ने सभी कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में कलेक्टर ने बताया कि 17 दिसंबर 2022 को राज्य सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर राज्य सहित जिले के सभी गौठानों, धान खरीदी केंद्रों, प्राथमिक सहकारी सोसायटी परिसर, नगरीय क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर व्यापक पैमाने पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। उन्होंने कार्यक्रम आयोजन के दिन किसानों, पशुपालकों, भूमिहीन मजदूरों, आमजन तथा हितग्राहियों को शासन की प्रमुख योजनाओं और शासन द्वारा विगत चार वर्षों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हासिल की गई उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
वीडियो कांफ्रेसिंग में कलेक्टर ने जिले के सभी गौठानों में गौरव दिवस को सुबह 11 बजे किसानों, गौठान समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यगण, पशुपालकों, भूमिहीन मजदूरों, जनप्रतिनिधिगण, स्थानीय निकायों के सदस्यगण, राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों सहित स्थानीय निवासियों को आमंत्रित करते हुए शासन द्वारा विगत 04 वर्षों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हासिल की गई उपलब्धियों की जानकारी दिए जाने के साथ ही शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उक्त दिवस को जिले के सभी संचालित हाट बाजार स्थलों में भी आयोजन दिवस अनुसार उपस्थित जन साधारण को योजनाओं की जानकारी देने हेतु व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर सुबह 11 बजे कार्यक्रमों का आयोजन किये जाने के निर्देश दिए है। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधिगण वार्ड के निवासियों को आमंत्रित करते हुए शासन की विगत चार वर्ष की उपब्लधियों की जानकारी दी जाए। इसके साथ ही दोपहर 3 बजे प्राथमिक सहकारी सोसायटी परिसर, धान खरीदी केन्द्रों पर किसानों को आमंत्रित कर शासन की कृषि संबंधी प्रमुख योजनाओं जैसे कि ब्याज मुक्त ऋण योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना इत्यादि की जानकारी उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने सभी कार्यक्रम स्थलों पर आयोजन हेतु बैनर, पोस्टर, दिवाल लेखन, संदेश हेतु प्रसारण व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा उपाय एवं अन्य समस्त आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए हैं। वीडियों कॉफ्रेंसिंग में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश छिकारा, निगम आयुक्त श्री मयंक चतुर्वेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।