छत्तीसगढ़

धान उपार्जन केन्द्र झोंका में अव्यवस्था देखकर भड़के कलेक्टर, व्यवस्थित करने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने किया धान उपार्जन केन्द्र झोंका का भौतिक सत्यापन

मुंगेली, दिसम्बर 2022// कलेक्टर श्री राहुल देव ने आज विकासखंड लोरमी के ग्राम झोका में धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में अव्यवस्था को देखकर भड़क उठे। उन्होंने कहा कि धान खरीदी कार्य शासन की प्राथमिकताओं में से एक है। इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही एवं उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शासन के नियमानुसार धान खरीदी करने और उपार्जन केंद्र में धान को व्यवस्थित रूप से भंडारित करने के निर्देश दिए। वहीं संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को धान उपार्जन केंद्र का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्र झोंका में भौतिक सत्यापन करते हुए बारदाना की उपयोगिता और शेष बचे बारदाना, अब तक की कुल धान खरीदी और उठाव व शेष बचे धान की मात्रा, टोकन व्यवस्था, स्टेकिंग आदि का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अपने समक्ष धान की नमी का भी माप कराया और साफ व गुणवत्तायुक्त धान की तौल करने और तौल से पहले धान का बारदाना में अनिवार्य रूप से पलटी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी कार्य निर्धारित अवधि में ही प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश की संभावना को देखते हुए धान के बचाव हेतु केप कव्हर और ड्रेनेज सिस्टम का भी अवलोकन किया।
कलेक्टर ने किसानों से भी चर्चा की और उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने धान खरीदी कार्य में लगे धान खरीदी प्रभारी, बारदाना प्रभारी, समिति प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर को भी सख्त हिदायत दी और धान खरीदी के दौरान किसानों की सहूलियतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री नवीन भगत, एसडीएम लोरमी श्रीमती पार्वती पटेल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *