- कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने बिरेभाठ के गौठान में नवाचार की प्रशंसा की
- लाइब्रेरी में हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों के लिए रखी जाएंगी पाठ्यक्रम की अतिरिक्त किताबें
- सिरोही प्रजाति की बकरियां रखी जा रही गौठान में दुर्ग, दिसंबर 2022/ बिरेभाठ के गौठान में कम लागत में ओपन फार्मिंग का मुर्गीपालन का नवाचार किया जा रहा है। इसे जिले के सभी गौठानों में लागू किया जाएगा। आज बिरेभाठ के गौठान में पहुंचे कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने इसकी प्रशंसा करते हुए इस माडल को पूरे जिले में लागू करने के निर्देश दिये। यहां पर मुर्गी शेड के अतिरिक्त विस्तारित शेड बनाकर मुर्गियों को रखा जा रहा है ताकि उनके विचरण के लिए बेहतर जगह बने और शेड से छन कर आती धूप में उनकी ग्रोथ ज्यादा हो सके। इसके साथ ही यहां पर चारे के लिए कल्चर अजोला का प्रयोग किया जा रहा है। इसमें वर्मी कंपोस्ट में फास्फेट का कुछ हिस्सा मिलाकर अजोला तैयार किया जाता है जिससे अजोला तेजी से बढ़ता है। अजोला को मुर्गियों का सबसे अच्छा आहार ग्रीन गोल्ड माना जाता है। इससे कम लागत में समूहों को अच्छी आय प्राप्त हो रही है। आज के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अश्विनी देवांगन भी मौजूद थे। उन्होंने सभी गौठानों में मुर्गीपालन के विस्तार के निर्देश अधिकारियों को दिये। इस दौरान एसडीएम श्री बृजेश क्षत्रिय भी मौजूद रहे।
पांच एकड़ में ड्रैगन फ्रूट डेवलप करने दिये निर्देश, गौठानों में फलों के पेड़ लगाने दिये निर्देश- कलेक्टर ने धमधा क्षेत्र में उद्यानिकी फसलों के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिये। बीरेभाठ के गौठान में उन्होंने सब्जी का उत्पादन देखा। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को पांच एकड़ चिन्हांकित कर ड्रैगन फ्रूट की खेती करने के निर्देश दिये। साथ ही तकनीकी परामर्श के बाद उद्यानिकी आधारित अन्य उपयोगी फसलें लगाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि गौठानों में पर्याप्त जगह हैं यहां फलोद्यान लगाने की काफी संभावनाएं हैं। गौठानों में जितनी तरह की गतिविधियां संचालित होंगी, इनका संचालन उतना ही बेहतर होगा।
बायोफ्लाक से मछली उत्पादन भी जल्द ही, अधोसंरचना तैयार- गौठानों में बायोफ्लाक पद्धति से मछलीपालन भी आरंभ किया जा रहा है। इसके लिए धमधा में जिन गौठानों में बायोफ्लाक की अधोसंरचना तैयार की गई है उनका निरीक्षण कलेक्टर ने किया। अधिकारियों ने बताया कि अगले पंद्रह दिनों में इनमें मछलीपालन आरंभ हो जाएगा। इससे समूहों को डेढ़ लाख रुपए तक शुद्ध आय हो सकेगी।
स्कूल भी पहुंचे, लाइब्रेरी को अपग्रेड करने दिये निर्देश- नारधा में कलेक्टर धान खरीदी केंद्र, गौठान, स्कूल और पंचायत भवन पहुंचे। लाइब्रेरी में उन्होंने हायर सेकेंडरी की किताबों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये। कोर्स से संबंधित किताबें बढ़ाने से बच्चों को सुविधा होगी। साथ ही उन्होंने सिलेबस की प्रगति की जानकारी भी ली। यहां पढ़ाई की स्थिति से कलेक्टर संतुष्ट हुए। वे धान खरीदी केंद्र भी पहुंचे और यहां उन्होंने किसानों से धान खरीदी केंद्र की सुविधाओं की जानकारी ली।
जामुल अहिवारा सड़क का काम देखने पहुंचे, अप्रैल तक पूरा करने दिये निर्देश- कलेक्टर जामुल अहिवारा सड़क का काम देखने पहुंचे। उन्होंने अप्रैल तक सड़क का काम पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यह काफी महत्वपूर्ण सड़क है इसका काम गुणवत्ता से और समय से पूरा करें। साथ ही हर महीने प्रगति की रिपोर्टिंग करने निर्देश दिये।
मुरमुंदा में स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे- कलेक्टर मुरमुंदा में स्वास्थ्य केंद्र भी पहुंचे। यहां उन्होंने संस्थागत प्रसव की स्थिति की जानकारी ली। यहां छह महीने में 180 प्रसव हुए हैं। प्रसूता माताओं से उन्होंने बातचीत की। प्रसूता माताओं ने बताया कि यहां सभी सुविधाएं मिल रही हैं। प्रसव के समय पूरा ध्यान रखा गया और भोजन दवाई आदि की पर्याप्त व्यवस्था है।