छत्तीसगढ़

खरीफ विपणन वर्ष 2022-23

जिले में आज से आगामी 03 महीने तक चलने वाली धान खरीदी महाभियान प्रारंभ

उपार्जन केन्द्रों में धान बेचने आए किसानों में जबरदस्त उत्साह

बिलासपुर राजस्व संभाग के कमिश्नर डाॅ. अलंग, आईजी श्री डांगी और जनप्रतिनिधियों ने किया धान खरीदी कार्य का शुभारंभ

मुंगेली, नवंबर 2022// मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की किसान हितैषी धान खरीदी महाभियान आज 01 नवंबर से प्रारंभ हो गया है। यह महाभियान आगामी 03 महीने तक चलेगा। बिलासपुर राजस्व संभाग के कमिश्नर डाॅ. संजय अलंग, आईजी श्री रतनलाल डांगी, कलेक्टर श्री राहुल देव, पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रमोहन सिंह, कृषि उपज मंडी बिलासपुर के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र शुक्ला, जिला पंचायत के सदस्य श्रीमती जागेश्वरी वर्मा ने पथरिया विकासखण्ड के सरगांव धान उपार्जन केन्द्र में किसानों द्वारा लाए गए धान और कांटा-बाट की विधि-विधान से पूजा-अर्जना और धान तौल कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। धान खरीदी कार्य प्रारंभ होने से उपार्जन केन्द्रों में धान बेचने आए किसानों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। इस दौरान कमिश्नर डाॅ. अलंग ने धान विक्रय करने पहुंचे कृषक श्री लालाराम और श्री दिलेश्वर को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डाॅ. अलंग ने किसानों को राज्योत्सव और धान खरीदी कार्य प्रारंभ होने की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का कार्य राज्य शासन की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। धान खरीदी कार्य में मानव संसाधन की ज्यादा आवश्यकता होती है। इसे देखते हुए राज्य शासन द्वारा धान खरीदी के कार्य को सरलीकरण किया गया है। अब कोई भी पंजीकृत किसान एन्ड्रायड एप ‘‘टोकन तुंहर हाथ’’ के माध्यम से घर बैठे आनलाईन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इसी तरह किसानों को राशि प्राप्त करने के लिए ज्यादा से ज्यादा एटीएम की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने राशि का उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में करने की समझाईश दी। आईजी श्री डांगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसान बड़े मेहनती होते हैं। मेहनत उनके जीन में बसे हैं। उन्होंने कहा कि परिवारों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन खेती का रकबा नहीं बढ़ता। इससे परिवारों के पालन-पोषण में परेशानी आती है। इस हेतु उन्होंने किसानों को भावी पीढ़ी के नवनिर्माण के लिए शिक्षा पर जोर दिया। कलेक्टर श्री देव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसानों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि धान खरीदी कार्य में प्रशासनिक अमला जुट गए हैं। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने धान खरीदी कार्य को पूरी पारदर्शिता और सुसंगत रूप से करने की बात कही। पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध रूप से धान बेचने वालों और कोचियों पर लगातार निगाह रखी जा रही है। उन्होंने अवैध रूप से धान बेचने वालों और कोचियों पर कड़ी कार्यवाही करने की बात कही। कृषि उपज मंडी बिलासपुर के अध्यक्ष श्री शुक्ला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री बघेल की सरकार किसानों की सरकार है। मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा किसानों और मजदूरों को आर्थिक रूप सक्षम बनाने हेतु लगातार कार्य किया जा रहा है। समय-समय पर किसानों की जेब में पैसा डाला जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती वर्मा ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि राज्य उत्सव और धान खरीदी का कार्य एक साथ प्रारंभ हुआ है। धान खरीदी का कार्य आगामी 03 माह तक चलेगी।
इसके पूर्व कमिश्नर डाॅ. अलंग ने धान उपार्जन केन्द्र में साफ सफाई, पेयजल, सीसीटीवी कैमरा, विद्युत व्यवस्था, कांटा-बाट, मानव संसाधन, आद्रता मापी मशीन, पानी निकासी हेतु डैªनेज व्यवस्था व बेमौसम बारिश से बचाव हेतु कैप कव्हर, स्टैकिंग, बारदाना व्यवस्था आदि की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। तत्पश्चात उन्होंने निर्मित सेल्फी जोन में धान बेचने पहुंचे कृषक श्री लालाराम और श्री दिलेश्वर के साथ फोटो खिंचवाई। पथरिया एसडीएम श्रीमती प्रिया गोयल ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एडीएम श्री तीर्थराज अग्रवाल, नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष श्री राजीव तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी श्री देवेन्द्र बग्गा, जिला पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री हितेश श्रीवास, सीसीबी के नोडल अधिकारी श्री संतोष सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और कृषकगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *