छत्तीसगढ़

51 गर्भवती महिलाओं की हुई निःशुल्क सोनोग्राफी

अम्बिकापुर, अगस्त 2022/ स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव के निर्देशानुसार जिले के आदिवासी बाहुल्य अंचल के पी.एच.सी. एवं सी.एच.सी. स्तर पर सोनोग्राफी सुविधा प्रारंभ किए जाने हेतु विशेष पहल किया गया है। उसी तारतम्य में 10 अगस्त 2022 को स्थानीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा अंबिकापुर में 51 गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी की गई। इसके साथ ही ए.एम.सी. जांच हेतु आई समस्त गर्भवती महिलाओं का निशुल्क लैब जांच, सोनोग्राफी जांच तथा दवाईयां निःशुल्क प्रदान की गई। सोनोग्राफी वरिष्ठ सोनोलॉजिस्ट डॉ सरिता सिंह ने की।
ज्ञातव्य है कि विगत माह स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में सोनोग्राफी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की बैठक में कहा था कि समस्त उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उचित देखभाल की जानी चाहिए ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाया जा सके। कलेक्टर कुंदन कुमार ने भी स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में भी गर्भवती महिलाओं की जांच उपचार के निर्देश दिए थे।
इस दौरान डॉ. अमीन फिरदौसी, डॉ. आयुष जायसवाल, डॉ. शीला नेताम उपस्थित थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *