छत्तीसगढ़

नई व्यवस्था से स्कूलों के संचालन में आएगी एकरूपता और कसावट, मिलेगा बच्चों को लाभ

विभाग द्वारा शिक्षा सत्र 2022-23 के सुचारू संचालन हेतु दिशा निर्देश में जारी
रायगढ़, जून2022/ छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा नए शिक्षा सत्र 2022-23 हेतु शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है। जिसके अनुसार से 16 जून 2022 से नए शिक्षा सत्र की शुरुआत हो चुकी है। वहीं अप्रैल 2023 में वार्षिक परीक्षा का समापन एवं परीक्षा परिणाम जारी होंगे। राज्य शासन के निर्देशानुसार शिक्षा सत्र 2022-23 के लिए जारी किए गए शैक्षणिक कैलेंडर का परिपालन पूरे प्रदेश में सुनिश्चित किया जाना है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी शैक्षणिक कैलेंडर में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं ताकि प्रदेश के सभी जिलों में एकरूपता रहे। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी.आदित्य ने कहा कि राज्य शासन द्वारा जारी निर्देश का परिपालन सुनिश्चित करना है। जिले में एक जुलाई से इसका क्रियान्वयन प्रारंभ कर दिया जाएगा। नई व्यवस्था के अनुरूप स्कूलों के संचालन में कसावट व गुणवत्ता आएगी तथा शिक्षा के संचालन व व्यवस्था में एकरूपता आएगी। इससे बच्चों को इसका अधिकाधिक लाभ प्राप्त होगा एवं वर्तमान शिक्षा सत्र में भी शिक्षा के उद्देश्य की प्राप्ति संभव हो सकेगा। इस हेतु जिले के प्रत्येक विद्यालयों, शिक्षक-शिक्षिकाओं को इस दिशा में अनुशासित होकर सकारात्मक प्रयास करना होगा जिसके लिए हम सभी प्रतिबद्ध हैं। विद्यालयों के सुचारू संचालन संबंधी दिशा निर्देश में विभिन्न बिंदु समाहित किए गए हैं। प्रत्येक दिवस सुबह 9.45 बजे विद्यालय में प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा जिसकी शुरुआत राज्य गीत से की जाएगी। जिसकी अवधि 1 मिनट 15 सेकंड होगी। अन्य गतिविधियों में विद्यार्थियों को शपथ, विद्यार्थियों द्वारा प्रेरणा गीत, समाचार पत्र का वाचन, नैतिक या प्रेरक कहानी तथा राष्ट्रगान की गतिविधियां सम्मिलित हैं।
विद्यार्थियों का होगा आकलन
पूरे सत्र में 6 मासिक आकलन के अतिरिक्त त्रैमासिक, अर्धवार्षिक, वार्षिक आकलन किए जाएंगे। मासिक आकलन जून से सितंबर माह तक अर्धवार्षिक आकलन जून से दिसंबर माह तक विषयांतर्गत निर्धारित पाठ्यक्रम तथा वार्षिक आकलन संपूर्ण पाठ्यक्रम पर आधारित होगा। मासिक अर्धवार्षिक तथा वार्षिक आकलन हेतु ब्लूप्रिंट तैयार किए गए हैं।
बहुआयामी प्रगति पत्रक किए जाएंगे तैयार
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक उच्च प्राथमिक तथा उच्चतर माध्यमिक स्तर तक बहुआयामी प्रगति पत्रक प्रारूप बनाए गए हैं। जिससे मासिक त्रैमासिक अर्धवार्षिक प्री-बोर्ड तथा वार्षिक परीक्षा के द्वारा विद्यार्थियों के बहुआयामी प्रगति का आकलन किया जाएगा।
विद्यालय समय-सारणी अनुसार होगा अध्ययन अध्यापन
विभाग द्वारा जारी शैक्षणिक कैलेंडर में विद्यालय समय सारणी घोषित की गई है। जिसमें एक पाली में तथा दो पाली में संचालित होने वाले विद्यालय हेतु सोमवार से शुक्रवार तक की समय-सारणी दी गई है। जिसके अनुसार ही विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन सह अन्य गतिविधियां कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *