सुकमा 14 फरवरी 2022/ ग्राम राजामुण्डा, छिंदगढ़ परियोजना में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला जागृति शिविर एवं मुख्यमंत्री बाल संदर्भ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचे माताओं और जन सामान्य को कोविड टीकाकरण (दूसरा डोज़, बूस्टर डोज़, 15 से 18 वर्ष हेतु टीकाकरण) से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी देते हुए टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित किया गया। कोविड टीकाकरण हेतु शेष ग्रामीण महिलाओं को दोनो डोज पूर्ण करने के लिए कहा गया। शिविर में 5 गंभीर कुपोषित तथा 26 माध्यम कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य जाँच कर निःशुल्क दवाई उपलब्ध की गई। इसके साथ ही 4 गर्भवती महिलाओं के गोद भराई कार्यक्रम भी किया गया। 3 शिशुवती महिलाओं एवं 5 एनीमिक महिलाओं का उपचार भी किया गया। शिविर में आई महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और मुख्यमंत्री सुपोषण केंद्र का महत्व बताते हुए कुपोषित बच्चों को वहां भर्ती करने हेतु प्रेरित किया। महिलाओं को कुपोषण स्तर में सुधार का मासिक आंकलन, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं पोषण संबंधी अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गयी।