बिलासपुर / जनवरी 2022। कलेक्टर डाॅ. सारांश मित्तर ने आज मंथन सभाकक्ष में धान खरीदी के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बारिश से सुरक्षा और धान खरीदी के उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में धान खरीदी 75 प्रतिशत अब तक सुचारू रूप से हो चुकी है। शेष खरीदी में भी पूरी सावधानी बरतने के निर्देश उन्होंने दिए। धान खरीदी केंद्रों में समुचित व्यवस्था के चलते किसान अपना धान आसानी से विक्रय कर पा रहे है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की अच्छी व्यवस्था जारी रहनी चाहिए। धान खरीदी केंद्रों से धान का उठाव भी लगातार किया जा रहा है, उन्होंने इसमें और तेजी लाने कहा।
मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 3 लाख 61 हजार 463 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। जिले में 85 हजार 60 किसान अपना धान बेच चुके है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध है, इन्हीं बारदानों से धान खरीदी की जाए। बारिश को देखते हुए सभी धान खरीदी केंद्रों में खरीदे गए धान की स्टैकिंग बनाकर कैप कवर से ढका गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी नोडल अधिकारी धान खरीदी केंद्रों का सतत निरीक्षण कर माॅनिटरिंग करते रहें। धान की सुरक्षा के लिए ड्रनेज अनिवार्य रूप से बनाए। धान खरीदी केंद्रों में कैप कवर पर्याप्त संख्या में रहे। उन्होंने चावल जमा करने की भी समीक्षा की।