छत्तीसगढ़

अभियान की कामयाबी पर कलेक्टर ने जताया आभार

बलौदाबाजार, दिसम्बर 2021/ कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन ने टीकाकरण महाअभियान रूपी यज्ञ की कामयाबी पर इसमें आहुति डालने वाले सभी लोगों के प्रति विनम्र आभार व्यक्त किया हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों के सक्रिय सहयोग से ही एक ही दिन में हमनें इतनी बड़ी संख्या में लोगों को टीका लगा पाये हैं। कलेक्टर ने कहा कि हमारे जिले में टीकाकरण की औसत राज्य के अन्य जिलों से अपेक्षाकृत कम था। काफी प्रयास के बाद भी कुछ लोगों को हम समझा नहीं पा रहे थे और हमारा जिला पिछड़ रहा था। इस बीच कोरोना के और खतरनाक वैरिएंट ने दस्तक दे दी। दूसरी लहर की परेशानी का हमें एहसास था। हमनें जिले की विभिन्न समाज प्रमुखों,जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दल के पदाधिकारियों से मिलकर इस विषय में विचार-विमर्श किया। उन्होंनें वंचित लोगों को समझाने-बुझाने और केन्द्रों तक लाने का जिम्मा उठाया। इस प्रकार जनता के सहयोग एवं भागीदारी से हमनें कोरोना महामारी से लड़ने की एक बड़ी जंग जीत ली है। केवल प्रशासन के बूते यह अभियान असम्भव था। उन्होंने इस महा अभियान को सफल बनाने में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किये हैं। विशेषकर विभिन्न समाज प्रमुख, जनप्रतिनिधिगण,राजनीतिक दल के पदाधिकारी,सांसद एवं विधायक गण, पंच, सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य गण, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित सभी अधिकारी कर्मचारियों, एनजीओ एवं समाजसेवी संस्थाओं ने अभूतपूर्व सहयोग एवं योगदान दिया है। मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग ने इस बड़े काम को और आसान बना दिया। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब न्यूज पोर्टल सहित सोशल मीडिया ने अभियान के लिए प्रशासनिक इंतजाम, इसकी महत्ता और लोगों को जागरूक करने में बढ़-चढ़कर साथ दिया है तभी हम लोगों को टीकाकरण केन्द्र तक उन्हें आकर्षित कर टीका लगा पाये। कलेक्टर ने कहा कि आज सम्पन्न महाअभियान सम्पूर्ण टीकाकरण के लक्ष्य का एक महत्वपूर्ण पड़ाव था। यह अभियान आगे भी तब तक जारी रहेगा जब तक जिले के हर पात्र व्यक्ति को टीका न लग जाये और वह कोरोना महामारी से सुरक्षित न हो जाये। आगे भी इसी तरह के सहयोग की जिला प्रशासन को अपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *