मोहला, 27 मार्च 2026/sns/-जिले के ग्राम दोरबा नवाटोला में गत दिवस ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से ग्रामीणों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। ट्रांसफार्मर अचानक खराब होने से पूरे गांव की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई थी, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे थे तथा परीक्षाओं के चलते विद्यार्थियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस पर ग्रामीणों ने अपनी समस्या कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के समक्ष रखी।
गांव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने तत्काल विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। विभाग ने भी तत्परता दिखाते हुए मात्र एक दिन के भीतर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। पूर्व में ट्रांसफार्मर खराब होने से गांव के घरेलू उपभोक्ता एवं कृषि पंपधारक बुरी तरह प्रभावित हो रहे थे। एक ओर जहां बच्चों की पांचवीं एवं आठवीं कक्षा की परीक्षाएं चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर किसान अपनी रबी फसल को बचाने के लिए जूझ रहे थे। बिजली के अभाव में खेतों में लगी मक्का, गेहूं और उड़द की फसले सूखने की कगार पर पहुंच गई थी। जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग की त्वरित कार्यवाही से जैसे ही गांव में पुनः बिजली आपूर्ति शुरू हुई, दोरबा नवाटोला के ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू हो गई तथा किसानों के खेतों में सिंचाई का कार्य भी पुनः प्रारंभ हो सका, जिससे फसल को लेकर उनकी चिंता दूर हुई।
दोरबा नवाटोला के कृषक श्री बिरझू राम मांडवी ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने से सिंचाई कार्य बाधित हो गया था और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा एक ही दिन में समस्या का समाधान कर दिया गया। इसी प्रकार श्री सोहन लाल कोमरे, श्री बिसरू राम, श्री सुकलू राम दुग्गा एवं श्रीमती लता बाई सलामे ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने से गांव की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई थी, जिससे विशेष रूप से किसानों और विद्यार्थियों को परेशानी हो रही थी। कलेक्टोरेट में आवेदन देने के पश्चात मात्र एक दिन में समस्या का समाधान हो गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग की त्वरित कार्यवाही के लिए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति का आभार व्यक्त किया।


