छत्तीसगढ़

उद्योग, बैंकर्स संवाद से MSME को नई दिशाः बीजापुर में एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन

बीजापुर, 25 मार्च 2026/sns/-जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों MSME को प्रोत्साहित करने और उद्यमियों व बैंकों के बीच समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से उद्योग बैंकर्स संवाद कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम  RAMP (Raising and Acceleration MSME Performance) योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन बीजापुर एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के सहयोग से आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में जिले के अनेक  MSME उद्यमियों, महिला उद्यमियों, पीएमएफएमई एवं अन्य योजनाओं के हितग्राहियों ने भाग लिया। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया एवं एक्सिस बैंक सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने भाग लेकर उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओ, मुद्रा योजना एवं CGTMSE के लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यशाला की खास बात यह रही कि इसमें उद्यमियों को बैंक अधिकारियों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिला। उद्यमियों ने अपने व्यवसाय से जुड़ी समस्याएं साझा कीं जिनका बैंक अधिकारियों द्वारा मौके पर समाधान और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। महाप्रबंधक श्री पीआर खंडेलवाल ने बताया कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम  MSME सेक्टर को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही और सभी सहभागी बैंकों एवं उद्यमियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक श्री अमृत एक्का, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, शैक्षणिक संस्थानों के पदाधिकारी, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य एवं स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे। यह कार्यशाला जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने और आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। इस अवसर पर उद्योग विभाग अधिकारी श्री डीपी साहू, प्रबंधक श्री सिद्धांत दुबे, कार्यपालन अधिकारी जिला अंत्यावसायी श्री योगेश साहू सहित औद्योगिक संगठन, महिला समूह एवं स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *