छत्तीसगढ़

कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर ने की पीएम सूर्याघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा


राजनांदगांव, 21 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पीएम सूर्याघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजना के प्रभावी एवं त्वरित क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्याघर मुफ्त बिजली योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता, घरेलू बिजली बचत एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आवेदन से लेकर वेंडर चयन, इंस्टॉलेशन एवं सब्सिडी वितरण तक प्रत्येक चरण में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के अंतर्गत लंबित सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा। वेंडर्स को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शेष इंस्टॉलेशन कार्यों को तेज गति से पूर्ण करें। सोलर पैनल स्थापना के दौरान सभी सुरक्षा मानकों एवं गुणवत्ता प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने कहा। बैंक अधिकारियों को सब्सिडी क्लेम प्रक्रिया के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने कहा। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित कर हितग्राहियों को आवेदन, इंस्टॉलेशन एवं सब्सिडी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देने कहा गया। बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक कुल 8 हजार 831 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 4 हजार 145 में वेंडर चयन किया जा चुका है। 1 हजार 839 हितग्राहियों के यहां इंस्टॉलेशन पूर्ण हो चुका है तथा 1 हजार 136 प्रकरणों में सब्सिडी का वितरण किया गया है।अपर कलेक्टर ने कहा कि ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति (बीएलबीसी) की बैठकों में पीएम सूर्याघर योजना को स्थायी एजेंडा के रूप में शामिल किया जाए, ताकि सब्सिडी दावों, ऋण प्रक्रियाओं एवं लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। इस योजना को जिले में मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जाना है, जिसके लिए सभी विभागों के समन्वित प्रयास, नियमित निगरानी और सक्रिय सहयोग की आवश्यकता है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि हितग्राहियों को योजना की सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकें। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री अनिकेत साहू, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता तथा विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *